महिला डॉक्टर और नर्स से बदसलूकी के आरोप में बीजेपी नेता पर एफआईआर
>> सागर>> महिला डॉक्टर और नर्स से बदसलूकी के आरोप में बीजेपी नेता पर एफआईआर
महिला डॉक्टर और नर्स से बदसलूकी के आरोप में बीजेपी नेता पर एफआईआर
सागर उदय संवाददाता, सागर
मध्य प्रदेश के सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक मरीज के इलाज को लेकर भारी बवाल हो गया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में आए भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल श्रीवास्तव (पीपरा) पर ड्यूटी पर तैनात लेडी डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के साथ अभद्रता करने, ‘बैड टच’ (छेड़छाड़) करने और विरोध करने पर गोली मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है।
घटना के विरोध में शुक्रवार सुबह जूनियर डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने काम बंद कर दिया और अस्पताल के मुख्य गेट पर चक्काजाम कर उग्र प्रदर्शन किया। डॉक्टरों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। पुलिस ने आरोपी बीजेपी नेता और एक अन्य के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया है।
रात 2 बजे फोन कॉल से शुरू हुआ विवाद
पीड़ित महिला स्टाफ के अनुसार, गुरुवार रात करीब 2 बजे लक्ष्मी तिवारी नाम की एक मरीज को इलाज के लिए बीएमसी लाया गया था। मरीज के अस्पताल पहुंचने से पहले ही डॉक्टरों पर तुरंत इलाज शुरू करने के लिए लगातार फोन आ रहे थे। जब मरीज को वार्ड में लाया गया, तो उनके साथ आए दो लोगों ने डॉक्टरों और नर्सों के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।
महिला स्टाफ का आरोप है कि जब उन्होंने इस व्यवहार का विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता की और एक व्यक्ति ने उन्हें गलत नीयत से छुआ। इतना ही नहीं, आरोपियों ने स्टाफ को धमकी दी कि अगर वे अस्पताल के बाहर दिखे तो उन्हें गोली मार दी जाएगी। धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान बीजेपी नेता अनिल श्रीवास्तव के रूप में हुई।
सुरक्षाकर्मियों पर मामले को दबाने का आरोप
अस्पताल स्टाफ का कहना है कि घटना की सूचना रात में ही पुलिस और बीएमसी प्रबंधन को दे दी गई थी। पुलिस मौके पर भी पहुंची, लेकिन उससे पहले ही अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी और मरीज को वहां से बाहर भेज दिया, जिससे पुलिस बिना कार्रवाई के लौट गई। डॉक्टरों का आरोप है कि बीएमसी प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया, जिससे महिला कर्मचारियों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।
24 घंटे का अल्टीमेटम, प्रदेशव्यापी हड़ताल की चेतावनी
जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन मध्य प्रदेश ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। जूडा के बीएमसी अध्यक्ष डॉ. व्योमकृष्ण तिवारी ने कहा, अस्पताल में महिला स्टाफ खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। हमारी मांग है कि आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और अस्पताल परिसर में सुरक्षा गार्ड्स की संख्या बढ़ाई जाए। जूडा ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और कॉलेज डीन की जवाबदेही तय नहीं की गई, तो पूरे मध्य प्रदेश में डॉक्टर कार्य बहिष्कार (हड़ताल) पर चले जाएंगे।
बीजेपी नेता ने आरोपों को नकारा, पुलिस जांच में जुटी
दूसरी तरफ, आरोपी बीजेपी नेता अनिल श्रीवास्तव ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने कहा, “मैं केवल अपने गांव के एक मरीज को देखने गया था और डॉक्टरों से समय पर इलाज करने का अनुरोध किया था। मैंने किसी से कोई अभद्रता नहीं की। वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, उनकी जांच कराई जाए, सच्चाई सामने आ जाएगी।
एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि बीएमसी स्टाफ की शिकायत पर अनिल श्रीवास्तव और लक्ष्मी तिवारी के खिलाफ गोपालगंज थाने में छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Related
Related Post
- July 2, 2026
- by Sagar Uday
- 0
- 4:51 pm
नगर निगम कर्मचारियों की 13सूत्रीय मांगों के निराकरण तक निगम कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना 11 वें दिन जारी
सागर। नगर पालिक निगम के कर्मचारियों की लंबित समस्याओं एवं 13 सूत्रीय मांगों के निराकरण…
- June 29, 2026
- by Sumit Singh
- 0
- 6:40 pm
