विश्व राष्ट्र कल्याण की भावना को लेकर श्री रुद्र महायज्ञ असंख्य पार्थिव शिवलिंग निर्माण
Sagar Uday >> सागर>> विश्व राष्ट्र कल्याण की भावना को लेकर श्री रुद्र महायज्ञ असंख्य पार्थिव शिवलिंग निर्माण
विश्व राष्ट्र कल्याण की भावना को लेकर श्री रुद्र महायज्ञ असंख्य पार्थिव शिवलिंग निर्माण
शिव भक्ति से निर्मल होता है मन, भगवान शिव की शरण में ही सच्चा सुख : संत केशव गिरी महाराज
सागर उदय, सागर
उपनगरीय क्षेत्र मकरोनिया में बटालियन के पीछे स्थित वैदिक वाटिका में सागर सांसद डॉ लता गुड्डू वानखेड़े द्वारा आयोजित विश्व राष्ट्र कल्याण की भावना को लेकर ब्रह्मलीन गृहस्थ संत पंडित श्री देव प्रभाकर शास्त्री दद्दा जी महाराज की कृपा एवं प्रेरणा से श्री राम दरबार मंदिर के महंत गृहस्थ संत केशव गिरी जी महाराज के सानिध्य में हो रहे श्री रुद्र महायज्ञ असंख्य पार्थिव शिवलिंग निर्माण श्री महारुद्राभिषेक शिव महापुराण के द्वितीय दिवस की पावन श्रृंखला में श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ पड़ी। संत केशव गिरी महाराज ने कथा के दौरान श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए कहा कि भगवान शिव की भक्ति मनुष्य के जीवन को निर्मल और सार्थक बनाती है। धन-संपत्ति और भौतिक सुविधाएं जीवन की उपलब्धि हो सकती हैं, लेकिन मन से भगवान के प्रति समर्पित होना ही सच्चे सुख का मार्ग है।
मां नर्मदा को प्रणाम करते हुए संत केशव गिरी महाराज ने माकंर्डेय ऋषि की नर्मदा परिक्रमा का प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि नर्मदा तट पर अनेक ऋषि-मुनि और संत तपस्या करते थे, जिसके कारण माकंर्डेय ऋषि को तप के लिए स्थान नहीं मिल पाया। उन्होंने मां नर्मदा से मन ही मन प्रार्थना की, और मां ने उन्हें अपने गोद में बैठकर तप करने को कहा। महाराज जी ने कहा कि भगवान की आराधना के लिए स्थान से अधिक आवश्यक श्रद्धा और भाव है।
काशी विश्वनाथ, उज्जैन महाकाल और त्र्यंबकेश्वर सहित भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि पार्थिव शिवलिंग निर्माण और पूजन का उद्देश्य मन में श्रद्धा एवं सुमति का जागरण करना है। जब मनुष्य के भीतर सुमति आती है तो उसके घर में स्वयं भगवान शिव का वास होने लगता है। उन्होंने कहा कि माताओं को भगवान की भक्ति से जोड़ना चाहिए, इससे परिवार और समाज दोनों का कल्याण होगा।
संत ने मानव जीवन में बताए गए तीन तापों—दैहिक, दैविक और भौतिक—की व्याख्या करते हुए कहा कि शरीर और मन से उत्पन्न कष्ट दैहिक ताप, प्राकृतिक अथवा दैवी कारणों से होने वाले कष्ट दैविक ताप और संसार एवं भौतिक परिस्थितियों से उत्पन्न समस्याएं भौतिक ताप हैं। भगवान शिव की शरण और भक्ति इन तीनों तापों से मुक्ति का मार्ग दिखाती है।
उन्होंने कहा कि कलियुग में प्रत्येक व्यक्ति किसी न किसी समस्या से घिरा हुआ है। ऐसे में जीवन का उद्देश्य केवल अच्छा घर, वाहन और ऐश्वर्य प्राप्त करना नहीं होना चाहिए, बल्कि व्यक्ति को यह भी चिंतन करना चाहिए कि उसने अपने जीवन में क्या सार्थक किया। धन से सुविधाएं खरीदी जा सकती हैं, लेकिन सच्चा सुख भगवान की भक्ति से ही प्राप्त होता है।
अहंकार और कपट छोड़कर करें शिव की आराधना
संत केशव गिरी महाराज ने कहा कि भगवान के सामने अहंकार और कपट छोड़कर निश्छल भाव से जाना चाहिए। भगवान शिव ने संसार द्वारा त्यागे गए सर्प को भी अपना आभूषण बना लिया। इसलिए शिव की शरण में आने वाले व्यक्ति के मन में भी छल-कपट नहीं होना चाहिए। भक्ति के मार्ग में कठिनाइयां आएं, फिर भी जो व्यक्ति दृढ़ता से भगवान का स्मरण करता रहता है, उसका कल्याण निश्चित है।
दो संतों का हुआ मिलन, बुंदेलखंड की सुख-शांति की कामना
कथा के दौरान वैदिक वाटिका में पधारे संत श्री श्री 1008 श्री रावतपुरा सरकार का संत केशव गिरी महाराज से आत्मीय मिलन हुआ। व्यासपीठ से संत केशव गिरी महाराज ने संत रावतपुरा सरकार का स्वागत करते हुए कहा कि संत का दर्शन पुण्य के समान होता है। मंदिर के बाहर बैठा भिखारी, मंदिर के अंदर विराजमान देवता और मंदिर का संचालन करने वाला संत—तीनों का अपना महत्व है। उन्होंने कहा कि संत रावतपुरा सरकार ने सागर ही नहीं, बल्कि पूरे बुंदेलखंड की सुख-शांति और समृद्धि के लिए क्षेत्र में करोड़ कुमकुम अर्चन यज्ञ कराकर शांति की कामना की है। यह हम सागर वासी एवं समस्त बुंदेलखंड वासियों का परम सौभाग्य है।
संत रावतपुरा सरकार ने भी संत केशव गिरी महाराज का स्वागत करते हुए कहा कि श्रावण मास में भगवान शिव की कथा, शिव महापुराण श्रवण और पार्थिव शिवलिंग निर्माण करना शिव भक्ति का बड़ा स्वरूप है। इस भक्ति से मनुष्य का कल्याण होता है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव ने इस कार्य के लिए सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े पर कृपा की है, जिनके माध्यम से हजारों श्रद्धालु पांच दिनों तक संत केशव गिरी महाराज के सानिध्य में शिव महापुराण कथा का श्रवण करने के साथ पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर रहे हैं। ऐसे आयोजनों से क्षेत्र में सुख-शांति और खुशहाली आती है। इस अवसर पर उन्होंने भगवान शिव की भक्ति से जुड़े प्रसंग भी सुनाए। दद्दा जी महाराज, दादा धूनीवाले और मां नर्मदा और मां राजराजेश्वरी को नमन करते हुए महाराज जी ने सभी को शुभ आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में जबलपुर सांसद, आशीष दुबे,बालाघाट सांसद भारती पारधी, नगर विधायक शैलेंद्र जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, नगर निगम सागर की महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम तिवारी, पूर्व मंत्री रामखिलावन पटेल, पूर्व भाजपा महिला, मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती संध्या भार्गव,कुलदीप सिंह राठौर, अनिल तिवारी, श्रीमती प्रतिभा चौबे, श्रीमती मीनाक्षी गौतम, श्रीमती कविता लारिया, यश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। बुधवार के यजमान प्रियंका एवं अश्वनी मुंडे रहे।
Related
Related Post
- October 24, 2026 • 👁 10
- by Sagar Uday
- 0
- 8:30 pm
निगमायुक्त ने संत रविदास वार्ड में डेयरियों का किया औचक निरीक्षण, पांच डेयरियों के पशुओं को हफसिली भिजवाया
भूखंड आवंटन के बाद भी डेयरी विस्थापित नहीं करने वाले संचालकों के विरुद्ध एफआईआर एवं…
- October 24, 2026 • 👁 15
- by Sagar Uday
- 0
- 8:46 pm
