12वीं बोर्ड में मेरिट लाने वाली 80% बेटियां कॉलेज में आकर कैसे हुईं फेल?
>> सागर>> 12वीं बोर्ड में मेरिट लाने वाली 80% बेटियां कॉलेज में आकर कैसे हुईं फेल?
12वीं बोर्ड में मेरिट लाने वाली 80% बेटियां कॉलेज में आकर कैसे हुईं फेल?
पढ़ाई ठप, भाजपा-आरएसएस के कार्यक्रमों और छुटभैया नेताओं की ब्रांडिंग का अड्डा बने सागर के कॉलेज: रेखा चौधरी
सागर उदय संवाददाता, सागर
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश महासचिव व जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी ने शासकीय कन्या स्नातकोत्तर (गर्ल्स डिग्री) महाविद्यालय सागर के हालिया निराशाजनक परीक्षा परिणामों को लेकर सरकार और महाविद्यालय प्रशासन पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने तीखा सवाल खड़ा करते हुए कहा कि 12वीं बोर्ड की अत्यंत कठिन एवं जटिल परीक्षा में उत्कृष्ट अंक हासिल कर कॉलेज में दाखिला लेने वाली 80 प्रतिशत होनहार छात्राएं अचानक फेल होकर कैसे पिछड़ गईं? यह बेटियों की नाकामी नहीं, बल्कि खुद महाविद्यालय प्रशासन और प्राचार्य की अक्षमता व शैक्षणिक विफलता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। जो छात्राएं मेरिट सूची का हिस्सा बनती थीं, उन्हें कॉलेज प्रशासन की लापरवाही और कुप्रबंधन ने असफलता के गर्त में धकेल दिया है।
रेखा चौधरी ने गंभीर और चिंताजनक आरोप लगाते हुए उजागर किया कि छुटभैया नेताओं की मांग पर उनकी ब्रांडिंग और चाटुकारिता करने के लिए महाविद्यालय प्रशासन द्वारा जबरन कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों में भीड़ दिखाने और फोटोबाजी के लिए छात्र-छात्राओं को घंटों भूखा-प्यासा जबरदस्ती बिठाकर रखा जाता है। हद तो यह है कि शासकीय कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के परिसरों में भाजपा और आरएसएस के राजनीतिक कार्यक्रम खुलेआम आयोजित हो रहे हैं। महाविद्यालय परिसर में आए दिन होने वाली इन गैर-शैक्षणिक गतिविधियों और प्रायोजित इवेंटबाजी के कारण नियमित कक्षाएं पूरी तरह ठप हो चुकी हैं। जब कक्षाओं में संपूर्ण अध्यापन ही नहीं होगा, तो छात्राएं मुख्य परीक्षाओं में सही और सटीक उत्तर कैसे लिख पाएंगी? लगातार हो रही इस मानसिक प्रताड़ना और शैक्षणिक तबाही के कारण अब विद्यार्थियों का कॉलेज जाने से ही मोहभंग हो रहा है। कांग्रेस मांग करती है कि इस पूरी विफलता की सीधी जिम्मेदारी तय कर प्राचार्य व दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और राजनीतिक ब्रांडिंग के लिए विद्यार्थियों के इस्तेमाल व परिसरों में छुटभैया नेताओं के प्रवेश पर तत्काल रोक लगाई जाए।
सागर जिले के समूचे शैक्षणिक वातावरण पर आक्रोश व्यक्त करते हुए रेखा चौधरी ने कहा कि नवगठित रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय में बीजेपी के पूर्व पदाधिकारी को कुलगुरु (कुलपति) के पद पर बैठाना राज्य सरकार की दूषित नीयत और संस्थागत भगवाकरण की मंशा को साफ उजागर करता है। इसी तरह शासकीय आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज में नियमित अध्यापन गायब है और परिसर सत्ताधारी दल के आयोजनों का अड्डा बन चुका है। वहीं, ऐतिहासिक डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्वायत्तता को चोट पहुंचाते हुए अपारदर्शी आयोजनों और राजनीतिक हस्तक्षेप को शह दी जा रही है। अतिथियों के आमंत्रण और कार्यक्रमों के बजट में भारी अपारदर्शिता है। हद तो तब हो जाती है जब अपने हक, नियमित कक्षाओं और गिरते शिक्षा स्तर के खिलाफ आवाज उठाने वाले निर्दोष छात्र-छात्राओं और छात्र नेताओं पर सत्ता के इशारे पर झूठे व फर्जी मुकदमे दर्ज करवाकर उनका मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है।
कांग्रेस महासचिव रेखा चौधरी ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि बेटियों और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़, उनका उत्पीड़न और राजनीतिक स्वार्थ के लिए भीड़ के रूप में उनका इस्तेमाल अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि शासकीय गर्ल्स डिग्री कॉलेज के परीक्षा परिणामों की निष्पक्ष समीक्षा कर दोषी अधिकारियों पर तुरंत कार्रवाई नहीं की गई और जिले भर के शिक्षण संस्थानों में नियमित अध्यापन व्यवस्था बहाल नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा के लिए सागर की सड़कों से लेकर भोपाल तक उग्र आंदोलन और घेराव करेगी।
Related
Related Post
- August 17, 2026 • 👁 21
- by Sagar Uday
- 0
- 6:28 pm
शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में नशामुक्ति अभियान
ब्रह्माकुमारी संस्था और प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने ली नशा न…
- September 25, 2026 • 👁 6
- by Sagar Uday
- 0
- 5:52 pm
