‘लोकतंत्र बचाओ – अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत बीना में युवा एवं विद्यार्थी संवाद तथा प्रबुद्धजन गोष्ठी कार्यक्रम संपन्न
Sagar Uday >> मध्य प्रदेश>> ‘लोकतंत्र बचाओ – अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत बीना में युवा एवं विद्यार्थी संवाद तथा प्रबुद्धजन गोष्ठी कार्यक्रम संपन्न
‘लोकतंत्र बचाओ – अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत बीना में युवा एवं विद्यार्थी संवाद तथा प्रबुद्धजन गोष्ठी कार्यक्रम संपन्न
बीना/सागर। भारतीय जनता पार्टी के ‘लोकतंत्र बचाओ – अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को बीना विधानसभा क्षेत्र के पीटी. बी.बी.एम. विद्यालय में युवा एवं विद्यार्थी संवाद तथा प्रबुद्धजन गोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकतंत्र की मजबूती, संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा, मतदाता सूची की शुद्धता, राष्ट्रहित तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सागर सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. लता वानखेड़े उपस्थित रहीं। भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, बीना विधायक निर्मला सप्रै, शहडोल संभाग प्रभारी गौरव सिरोठिया एवं मंडल अध्यक्ष राजेंद्र उपाध्याय ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों एवं प्रबुद्धजनों की सहभागिता रही।
लोकतंत्र को कमजोर करने वाली अराजक सोच का जवाब देश की जागरूक युवाशक्ति देगी : डॉ. लता वानखेड़े
मुख्य वक्ता सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति संविधान, संवैधानिक संस्थाओं और देश की जागरूक जनता में निहित है। लोकतंत्र में असहमति और विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन विरोध के नाम पर अराजकता फैलाना तथा संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करना लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित कर रहा है। ऐसे समय में देश के युवाओं को भ्रमित करने तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करने की राजनीति अत्यंत चिंताजनक है।
डॉ. वानखेड़े ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र और संविधान की दुहाई देने वालों को अपने राजनीतिक इतिहास का भी आत्ममंथन करना चाहिए। देश आपातकाल का वह दौर नहीं भूला है, जब नागरिक स्वतंत्रताओं पर प्रतिबंध लगाए गए और लोकतांत्रिक अधिकारों को सीमित किया गया। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में अनेक निर्वाचित राज्य सरकारों को बर्खास्त करने जैसे निर्णय भी लिए। आज वही कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा का दावा कर रही है।
उन्होंने कहा कि निष्पक्ष निर्वाचन व्यवस्था के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए तथा मृत, दोहराव वाले और अपात्र नामों को नियमानुसार हटाया जाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र को मजबूत करने का प्रयास है, तो कांग्रेस इसके विरोध में राजनीतिक वातावरण क्यों बना रही है?
डॉ. वानखेड़े ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि देश का भविष्य केवल राजनीतिक निर्णयों से नहीं, बल्कि युवाओं की सोच, जागरूकता और सक्रिय सहभागिता से निर्धारित होगा। युवा किसी भी राजनीतिक दावे को तथ्यों की कसौटी पर परखें और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में अपनी भूमिका निभाएं।
जनादेश का सम्मान करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना कांग्रेस की राजनीतिक हताशा : श्याम तिवारी
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव जीतने या हारने की व्यवस्था नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और संवैधानिक मर्यादाओं पर आधारित एक सशक्त प्रणाली है। जनता का जनादेश लोकतंत्र की सर्वोच्च अभिव्यक्ति है, जिसका सम्मान प्रत्येक राजनीतिक दल का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक असफलताओं का आत्ममंथन करने के बजाय निर्वाचन प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर जनता के बीच भ्रम उत्पन्न करने का प्रयास कर रही है। चुनावी पराजय का दोष लोकतांत्रिक संस्थाओं पर मढ़ना स्वस्थ राजनीतिक परंपरा नहीं हो सकती।
श्याम तिवारी ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है। यदि उसमें किसी प्रकार की त्रुटि, दोहराव अथवा अपात्र प्रविष्टियां हैं, तो उनका नियमानुसार सुधार होना चाहिए। शुद्ध मतदाता सूची से ही प्रत्येक पात्र मतदाता के अधिकारों की रक्षा और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित किए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता सत्ता में रहते हुए भी जनसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध रहता है। ‘लोकतंत्र बचाओ – अराजकता हटाओ’ अभियान के माध्यम से युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच लोकतांत्रिक जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा रहा है।
युवा केवल देश का भविष्य नहीं, लोकतंत्र के सजग प्रहरी भी हैं : निर्मला सप्रै
बीना विधायक निर्मला सप्रै ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी युवा पीढ़ी है। जब युवा शिक्षित, जागरूक और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित होते हैं, तब लोकतंत्र की जड़ें और अधिक मजबूत होती हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन भी उतना ही आवश्यक है। युवाओं को संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक संस्थाओं की भूमिका तथा मतदान के महत्व को समझना चाहिए। किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी या राजनीतिक दुष्प्रचार से प्रभावित होने के बजाय तथ्यों के आधार पर अपनी राय बनानी चाहिए।
निर्मला सप्रै ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही साकार होगा। आज का विद्यार्थी आने वाले समय में समाज और राष्ट्र का नेतृत्व करेगा। इसलिए युवा पीढ़ी को सकारात्मक विचार, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ना होगा।
अराजकता और भ्रम की राजनीति का सबसे प्रभावी उत्तर तथ्य, जागरूकता और लोकतांत्रिक संवाद : गौरव सिरोठिया
शहडोल संभाग प्रभारी गौरव सिरोठिया ने कहा कि लोकतंत्र की सफलता केवल मजबूत संस्थाओं से नहीं, बल्कि जागरूक नागरिकों और जिम्मेदार राजनीतिक आचरण से सुनिश्चित होती है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में विचारों का मतभेद स्वाभाविक है, लेकिन मतभेद को अराजकता में बदलना लोकतंत्र की मूल भावना के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया के माध्यम से सूचनाएं अत्यंत तेजी से प्रसारित होती हैं। ऐसे में युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती सही और भ्रामक जानकारी के बीच अंतर करना है। बिना तथ्यों की पुष्टि किए किसी भी राजनीतिक प्रचार पर विश्वास करना समाज में भ्रम और अविश्वास को बढ़ावा दे सकता है।
गौरव सिरोठिया ने कहा कि राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर युवाओं को तार्किक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान रखते हुए अपनी बात दृढ़ता से रखना ही एक जिम्मेदार नागरिक की पहचान है।
लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक नागरिक की जागरूकता आवश्यक, युवा पीढ़ी को समझना होगा अधिकारों और कर्तव्यों का महत्व : राजेंद्र उपाध्याय
मंडल अध्यक्ष राजेंद्र उपाध्याय ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे बड़ी शक्ति उसकी जागरूक जनता है। लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों के अधिकारों, कर्तव्यों और संवैधानिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से सशक्त होता है। लोकतंत्र में विचारों की भिन्नता स्वाभाविक है, लेकिन राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति के लिए समाज में भ्रम, अविश्वास और अराजकता का वातावरण निर्मित करना लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि युवा पीढ़ी लोकतंत्र की वास्तविक भावना को समझे और किसी भी प्रकार के भ्रामक प्रचार से प्रभावित होने के बजाय तथ्यों एवं सत्य के आधार पर अपने विचार निर्धारित करे। मतदाता सूची की शुद्धता, निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति विश्वास लोकतंत्र की मजबूती के महत्वपूर्ण आधार हैं।
राजेंद्र उपाध्याय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का ‘लोकतंत्र बचाओ – अराजकता हटाओ’ अभियान समाज में लोकतांत्रिक जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने युवाओं एवं विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि कार्यक्रम में अभियान जिला संयोजक मनीष चौबे, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. विनोद पंथी, नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार,जनपद उपाध्यक्ष उषा राय, जिला उपाध्यक्ष संतोष ठाकुर एवं यश अग्रवाल, जिला मंत्री आसमा जैन, सह कार्यालय मंत्री भूपेंद्र नामदेव, जिला सह मीडिया प्रभारी साहब राज यादव मंडल अध्यक्ष,संजय सिंह, विशाल कुर्मी, चित्तर सिंह, पवन यादव, वरिष्ठ नेता मनोज शर्मा एवं शुभम तिवारी सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, प्रबुद्धजन, विद्यालय परिवार तथा बड़ी संख्या में युवा एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Related
Related Post
- October 10, 2026 • 👁 11
- by Sagar Uday
- 0
- 7:48 pm
इंदौर पहुंचीं भारत-वेस्टइंडीज की टीमें, फैंस पर चढ़ा क्रिकेट रंग
इंदौरहोलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले अंतरराष्ट्रीय टी-20…
- November 10, 2026 • 👁 31
- by Sagar Uday
- 0
- 6:33 pm
