👁 कुल विजिटर: 30,172
f 𝕏 ➤

श्री गुलाबबाबा मंदिर सागर का 19वाँ वार्षिक उत्सव 30 नवंबर से, छह दिवसीय आयोजनों की तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न

सागर उदय संवाददाता, सागर

बुंदेलखंड के सुप्रसिद्ध, भव्य एवं आकर्षक धार्मिक स्थलों में शामिल श्री गुलाबबाबा मंदिर, सागर का 19वाँ वार्षिक उत्सव इस वर्ष 30 नवंबर से 5 दिसंबर तक श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा। छह दिवसीय इस भव्य धार्मिक आयोजन की तैयारियों को लेकर बीती रात्रि श्री गुलाबबाबा मंदिर परिसर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा तय करने के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं एवं कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मंदिर के अध्यक्ष डॉ. भरत आनंद वाखले, सचिव एवं मीडिया प्रभारी श्याम सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि 19वें वार्षिक उत्सव का शुभारंभ 30 नवंबर को दमोह के नरसिंहगढ़ में भव्य भंडारे के साथ आयोजित होगा।

1 दिसंबर को निकलेगी चरण पादुका पालकी रथयात्रा…- 1 दिसंबर को श्री गुलाबबाबा की चरण पादुका पालकी रथयात्रा नरसिंहगढ़ से प्रारंभ होकर दमोह शहर होते हुए बाँसा मंदिर के 14वें वार्षिक उत्सव में सम्मिलित होगी, यहां रात्रि विश्राम होगा।

2 दिसंबर को चरण पादुका पालकी रथयात्रा वाहनों के माध्यम से बाँसा (दमोह) से बहरिया तिगड्डा स्थित श्रीगुलाब भूमि पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।

3 दिसंबर को सागर में रथयात्रा का भव्य आगमन होगा: 3 दिसंबर को श्री गुलाबबाबा की चरण पादुका पालकी रथयात्रा बहरिया स्थित श्री गुलाबबाबा भूमि से प्रस्थान कर सागर मंदिर में पहुंचेगी। यह यात्रा मकरोनिया, सिविल लाइन एवं गोपालगंज होते हुए संजय ड्राइव मार्ग से श्री गुलाबबाबा मंदिर पहुंचेगी। इसी दिन रात्रि में आदर्श संगीत महाविद्यालय के कलाकारों द्वारा भव्य भजन संध्या की प्रस्तुति दी जाएगी।

4 दिसंबर को निकलेगी भव्य नगर शोभायात्रा…: वार्षिक उत्सव के प्रमुख आकर्षण के रूप में 4 दिसंबर को प्रतिवर्ष की भांति श्री गुलाबबाबा की चरण पादुका पालकी की भव्य नगर शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें बालिकाओं का लेजम दल, शौर्य दल, विभिन्न अखाड़ें, घोड़े, बग्घी एवं अनेक आकर्षक  झांकियों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल होंगी। रात्रि में श्री राधे-राधे संकीर्तन मंडल सागर द्वारा भव्य भजन संध्या आयोजित की जाएगी।

5 दिसंबर को होगा महाप्रसादी भंडारा एवं भजन मंडलियों का समागम..: वार्षिक उत्सव के अंतिम दिवस 5 दिसंबर को प्रात: 11:32 बजे से रात्रि 8:32 बजे तक विशाल महाप्रसादी भंडारे का आयोजन होगा। इसके साथ ही बुंदेलखंड के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आने वाली विभिन्न भजन मंडलियों द्वारा अपनी सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। रात्रि में सुप्रसिद्ध भजन गायक श्री सूरज पाण्डेय बांके बिहारी प्रीत मंडल की भव्य भजन संध्या वार्षिक उत्सव का विशेष आकर्षण रहेगा।

आयोजन संबंधी इस महत्वपूर्ण बैठक में सागर, दमोह क्षेत्र के भक्त उपस्थित रहे। बैठक में सभी ने वार्षिक उत्सव को भव्य, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए अपने सुझाव एवं सहयोग प्रदान किया।

बैठक के उपरांत समस्त भक्तों ने छह दिवसीय वार्षिक उत्सव का  आमंत्रण पत्र श्री गुलाबबाबा जी के श्रीचरणों में अर्पित कर आयोजन की निर्विघ्न सफलता एवं भव्यता के लिए बाबा जी से प्रार्थना की। उल्लेखनीय है कि श्री गुलाबबाबा मंदिर का वार्षिक उत्सव प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालुओं के लिए श्रद्धा, भक्ति, सेवा, संस्कृति एवं आध्यात्मिक आनंद का विशेष अवसर बनता है। इस वर्ष भी छह दिवसीय आयोजन में बुंदेलखंड सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

Leave a Reply

Related Post

सागर-बुंदेलखंड में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने उठाईं प्रमुख मांगें
सागर-छतरपुर-खजुराहो नई रेल लाइन, नागपुर के लिए सीधी ट्रेन और वंदे भारत एवं अमृत भारत…