स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर विधायक प्रदीप लारिया ने की उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल से महत्वपूर्ण चर्चा

भोपाल/23.06.2026; नरयावली विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और चिकित्सा अधोसंरचना के विस्तार को लेकर नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने भोपाल प्रवास के दौरान प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री राजेन्द्र शुक्ल से सौजन्य भेंट कर क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण स्वास्थ्य विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

भेंट के दौरान विधायक श्री लारिया ने नरयावली विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती आवश्यकताओं का उल्लेख करते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पामाखेड़ी एवं परसोरिया में चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल स्टाफ की पदस्थापना तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पर्याप्त मानव संसाधन और मूलभूत चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में ग्रामीण अंचलों के नागरिकों को अपेक्षित स्वास्थ्य लाभ नहीं मिल पा रहा है।

विधायक श्री लारिया ने मकरोनिया स्थित नव-निर्मित शासकीय शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सिविल अस्पताल) को शीघ्र पूर्ण क्षमता से संचालित किए जाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने अस्पताल में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य पैरामेडिकल कर्मियों की पदस्थापना कर आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

विधायक श्री लारिया ने जिला चिकित्सालय से जुड़े विषय को भी प्रमुखता से उठाते हुए सुझाव दिया कि जनहित एवं चिकित्सा सेवाओं की सुगमता को दृष्टिगत रखते हुए जिला चिकित्सालय को मेडीकल कॉलेज में विलय न करते हुए की स्वतंत्र पहचान एवं उपयोगिता को यथावत रखा जाए। जिला चिकित्सालय व्यवस्था के विस्तार हेतु उपयुक्त नवीन स्थल का चयन किया जाए, जिससे दोनों संस्थानों की सेवाओं का लाभ आमजन को समान रूप से प्राप्त हो सके।

उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने विधायक श्री लारिया द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल किए जाने का आश्वासन दिया।

राजनीतिक एवं प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही इस भेंट को नरयावली विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Related Post

विकसित भारत जी रामजी अधिनियम’ से बदलेगी ग्राम पंचायतों की तस्वीर और तकदीर- सांसद श्री लोधी
जन-जागरूकता से सफल होगी विकसित भारत-जी राम जी योजना- विधायक श्री मलैया 7,500 करोड़ रूपये…

Discover more from

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading