डेयरी विस्थापन परियोजना में आवंटित प्लॉट पर पशु शिफ्ट नहीं करने वाले डेयरी संचालकों पर होगी सख्त कार्रवाई
>> सागर>> डेयरी विस्थापन परियोजना में आवंटित प्लॉट पर पशु शिफ्ट नहीं करने वाले डेयरी संचालकों पर होगी सख्त कार्रवाई
डेयरी विस्थापन परियोजना में आवंटित प्लॉट पर पशु शिफ्ट नहीं करने वाले डेयरी संचालकों पर होगी सख्त कार्रवाई
निगमायुक्त ने नगर निगम सीमा क्षेत्र में डेयरी संचालन एवं पशुओं के विचरण पर 5 हजार रुपये जुमार्ना करने एवं पशुओं को गौशाला भेजने के निर्देश दिए
सागर उदय, सागर
नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने नगर निगम सीमा क्षेत्र में संचालित डेयरियों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हफसिली स्थित डेयरी विस्थापन परियोजना में प्लॉट आवंटित होने व सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के बाद भी अपने पशुओं को वहां शिफ्ट नहीं करने वाले डेयरी संचालकों पर अब कठोर कार्रवाई की जाएगी। ऐसे डेयरी संचालकों के पशु यदि नगर निगम सीमा क्षेत्र में पाए गए अथवा सड़कों पर विचरण करते हुए मिले तो संबंधित पशु मालिकों पर 5 हजार रुपये का जुमार्ना लगाया जाएगा तथा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा नगर निगम सीमा क्षेत्र को पशु विचरण मुक्त क्षेत्र घोषित किया जा चुका है। इसके बावजूद डेयरी संचालक शहर के भीतर ही डेयरियों का संचालन कर रहे हैं, जिससे स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है। शहर की सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पशुओं के विचरण से यातायात बाधित होता है तथा दुर्घटनाओं की संभावनाएं भी बढ़ जाती हैं। नागरिकों की सुरक्षा और शहर की स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए अब नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा डेयरी संचालकों की सुविधा के लिए हफसिली स्थित डेयरी विस्थापन परियोजना विकसित की गई है तथा पात्र डेयरी संचालकों को वहां प्लॉट भी आवंटित किए जा चुके हैं। इसके बावजूद यदि कोई संचालक अपने पशुओं को निर्धारित स्थल पर स्थानांतरित नहीं करता है तो यह शासन की योजना और निर्धारित नियमों की अवहेलना मानी जाएगी। ऐसे मामलों में आर्थिक दंड के साथ-साथ अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
निगमायुक्त ने सभी डेयरी संचालकों से अपील की है कि वे तत्काल अपने पशुओं को हफसिली स्थित डेयरी विस्थापन परियोजना में स्थानांतरित करें और शहर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग दें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि लगातार नियमों की अनदेखी करने वाले डेयरी संचालकों के विरुद्ध आवंटित प्लॉट निरस्त करने की कार्रवाई भी प्रस्तावित की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि डेयरी विस्थापन परियोजना का उद्देश्य शहर को आवारा पशुओं से मुक्त करना, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना तथा नागरिकों को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित शहरी वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए विशेष अभियान चलाकर निगरानी की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर बिना किसी पूर्व सूचना के कार्रवाई की जाएगी।
Related
Related Post
- September 20, 2026 • 👁 6
- by Sagar Uday
- 0
- 6:30 pm
स्वस्थ महिला ही सशक्त समाज और खुशहाल परिवार की असली धुरी है : डॉ. प्रतिभा तिवारी
सागर उदय संवाददाता, सागर पूर्व वैवाहिक संवाद केंद्र राष्ट्रीय महिला आयोग की एक पहल तेरे…
- September 21, 2026 • 👁 4
- by Sagar Uday
- 0
- 8:45 pm
