👁 कुल विजिटर: 30,166
f 𝕏 ➤

स्वस्थ जीवन हेतु संतुलित आहार अत्यधिक महत्वपूर्ण: डॉ सरोज गुप्ता

शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में एनएसएस स्वयंसेवकों ने शुरू किया पोषण आहार सप्ताह, विभिन्न प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन

सागर उदय, सागर

शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर में राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्र एवं छात्रा इकाई के स्वयंसेवकों द्वारा 1 सितंबर से 7 सितंबर 2026 तक ‘पोषण आहार सप्ताह’ का उत्साहपूर्वक आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में संतुलित आहार, सही पोषण तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाना है।

कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने कहा कि स्वस्थ जीवन हेतु संतुलित आहार अत्यधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में सही खान-पान का महत्व समझाने और इस संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से ही महाविद्यालय में इस तरह के जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जाता है।

पोषण आहार सप्ताह के तहत विद्यार्थियों की प्रतिभा और वैचारिक कौशल को मंच देने के लिए सप्ताह भर विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार 2 सितंबर को वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें ठरर स्वयंसेवक वैष्णवी नामदेव, अंजना अहिरवार, ममता पटेल, राज आर्यन अहिरवार एवं यशवंत गौड़ ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पोषण के विविध पहलुओं पर अपने सारगर्भित विचार रखे।

आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि 3 सितंबर को चित्रकला प्रतियोगिता तथा 5 सितंबर को निबंध प्रतियोगिता आयोजित होगी। पूरे सप्ताह चलने वाली इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को 7 सितंबर को समापन अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन कर रहीं छात्रा इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रज्ञा दुबे ने विद्यार्थियों को अपने दैनिक भोजन में पौष्टिक तत्वों को अनिवार्य रूप से शामिल करने के लिए प्रेरित किया। वहीं डॉ. रवींद्र ठाकुर ने सामान्य भोजन और संतुलित आहार के सूक्ष्म अंतर को व्यावहारिक उदाहरणों के साथ समझाया। उन्होंने आह्वान किया कि पोषण संबंधी इस जागरूकता को विद्यार्थी अपने परिवार और संपूर्ण समाज तक पहुँचाने में माध्यम बनें।

कार्यक्रम के अंत में  छात्र इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं सहभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान महाविद्यालयीन स्टाफ और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों की उत्साहजनक सहभागिता रही।

Leave a Reply

Related Post