खेल ही नहीं, एकाग्रता और योग से ही गढ़ेगा स्वर्णिम भविष्य: प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता

अंतरराष्ट्रीय कूडो स्टार सोहेल खान संग कॉलेज खिलाड़ियों को दिया सफलता का मंत्र

सागर उदय, सागर

शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता के नेतृत्व व गरिमापूर्ण अध्यक्षता में महाविद्यालय के खेल इतिहास में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कॉलेज में संचालित फुटबॉल और एथलेटिक्स प्रशिक्षण शिविर के विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने हेतु आयोजित किया गया था। इस अवसर पर ‘गोल्डन बॉय आॅफ मध्य प्रदेश’ के नाम से विख्यात अंतरराष्ट्रीय कूडो चैंपियन श्री सोहेल खान (रजत पदक विजेता, कूडो विश्व कप 2025, बुल्गारिया) ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर खिलाड़ियों को मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालय प्रशासन अपने छात्रों को खेल के हर क्षेत्र में सर्वोच्च स्तर तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयासरत और प्रतिबद्ध है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी लगन के साथ मेहनत करने की अपील की ताकि वे विश्वविद्यालय से लेकर अंतरराष्ट्रीय पटल तक देश और संस्था का नाम रोशन कर सकें।

विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को सर्वोपरि बताते हुए डॉ. सरोज गुप्ता ने खिलाड़ियों से सीधा संवाद किया और उनसे ध्यान व योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल शारीरिक कौशल ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि मानसिक एकाग्रता भी सफलता की कुंजी है। इसके लिए उन्होंने महाविद्यालय में जल्द ही विशेष योग व ध्यान सत्र आयोजित करने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सोहेल खान ने खिलाड़ियों से रूबरू होकर अपने कड़े संघर्ष और 22 राष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीतने के बाद खेल कोटे से मुंबई में इनकम टैक्स आॅफिसर बनने की सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने कहा कि 100 प्रतिशत अनुशासन और समर्पण के साथ खेल में उज्ज्वल करियर बनाया जा सकता है। इस अवसर पर डॉ. विकास त्रिपाठी एवं डॉ. राना कुंजर सिंह ने भी मैदान में खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।

फुटबॉल बनाम एथलेटिक्स महामुकाबला रहा आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम के दौरान मैदान पर दोनों शिविरों के खिलाड़ियों के मध्य एक रोमांचक प्रदर्शन फुटबॉल मैच खेला गया। इसमें एथलेटिक्स के धावकों की गति और फुटबॉल खिलाड़ियों के रणनीतिक बॉल कंट्रोल के बीच शानदार मुकाबला देखने को मिला, जिससे पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम के अंत में क्रीड़ा अधिकारी डॉ. दयाराम राजपूत ने मुख्य अतिथि व प्राचार्या का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए खिलाड़ियों को खेल के वैज्ञानिक नियमों से अवगत कराया। इस अवसर पर क्षेत्रीय खेल अधिकारी श्रीमती शर्मिला डाबर, फुटबॉल प्रशिक्षक स्टीफन रिचर्डसन, एथलेटिक्स प्रशिक्षक हिमांशु पटेल, कबड्डी कोच श्रीमती संगीता सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Related Post

विश्वविद्यालय में हंगामे के मामले में एफआईआर का इंतजार, आवेदन के चार दिन बाद भी कार्रवाई नहीं
रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय ने थाना सिविल लाइन को दिया था आवेदन, शासकीय कार्यक्रम में…

Discover more from

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading