25-30 साल से बसे परिवारों को अब पट्टे की उम्मीद, विधायक लारिया ने कार्यालय में ही बुला ली पूरी राजस्व टीम

8 ग्रामों से 500 से अधिक नागरिक पहुंचे विधायक कार्यालय, एसडीएम-नायब तहसीलदार और पटवारियों की मौजूदगी में सुनी गई समस्या; सर्वे से लेकर आबादी घोषित करने और पट्टा प्रक्रिया तक की कार्यवाही तय

सागर उदय संवाददाता, सागर

नरयावली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिदगुवां, बम्होरीबीका, लहदरा, बदौना, रतौना, बाछलोन, बड़कुआं एवं रजौआ  से 500 से अधिक नागरिक बुधवार को रजाखेड़ी बजरिया स्थित नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया के विधायक कार्यालय पहुंचे। वर्षों से निवासरत होने के बावजूद पट्टा नहीं मिलने के कारण शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित परिवारों ने विधायक के समक्ष अपनी समस्या रखी।

नागरिकों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक श्री लारिया ने इसे केवल आवेदन तक सीमित नहीं रखा, बल्कि तत्काल एसडीएम सागर रोहित वर्मा, नायब तहसीलदार राहुल गौड़ सहित संबंधित पटवारियों एवं राजस्व अमले को विधायक कार्यालय बुलाकर नागरिकों के समक्ष ही समस्या के निराकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई।

एसडीएम श्री वर्मा एवं नायब तहसीलदार श्री गौड़ ने विभिन्न ग्रामों से आए नागरिकों की समस्याएं विस्तार से सुनीं। विधायक श्री लारिया ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित ग्रामों में स्थल एवं अभिलेखों का सर्वे कराकर पात्रता एवं वास्तविक स्थिति का परीक्षण किया जाए तथा नियमानुसार अंदर आबादी घोषित करने एवं पट्टा प्रदान करने की आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

एसडीएम श्री वर्मा ने संबंधित पटवारियों को समय-सीमा में प्राथमिकता के आधार पर सर्वे एवं आवश्यक राजस्व कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस प्रक्रिया में राजस्व अभिलेखों का परीक्षण, मौके की स्थिति का सत्यापन, पात्र परिवारों की पहचान तथा नियमानुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी। पात्रता एवं शासकीय नियमों के अनुरूप प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ही पट्टा संबंधी अंतिम कार्यवाही की जाएगी।

विधायक श्री लारिया ने नागरिकों से कहा कि वे वर्षों से जिस समस्या को लेकर परेशान हैं, उसके निराकरण के लिए शासकीय प्रक्रिया के प्रत्येक स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रक्रिया में नियमानुसार जितना समय लगेगा, वह लगे, लेकिन समस्या के समाधान की दिशा में कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

शिकायत लेकर आए थे, समाधान की प्रक्रिया देखकर संतुष्ट लौटे नागरिक

एक साथ बड़ी संख्या में नागरिकों के विधायक कार्यालय पहुंचने के बाद विधायक श्री लारिया द्वारा तत्काल प्रशासनिक अधिकारियों को बुलाकर नागरिकों के समक्ष ही समस्या सुनवाने और समय-सीमा में कार्यवाही के निर्देश दिलाने से क्षेत्रवासियों में संतोष दिखाई दिया। नागरिकों का कहना था कि लंबे समय से चली आ रही समस्या को लेकर पहली बार उन्हें शिकायत के साथ समाधान की स्पष्ट प्रशासनिक प्रक्रिया भी दिखाई दी।

इस दौरान संबंधित राजस्व अमले में पटवारी सिदगुवां मुकेश वर्मा, पटवारी बम्होरीबीका अरविंद लोधी, पटवारी लहदरा जसवंत पटेल, बाछलोन पटवारी नीलेश मिश्रा, बड़कुआ पटवारी अंकिता जैन सहित अन्य संबंधित राजस्व कर्मचारी उपस्थित रहे।

विधायक श्री लारिया की इस पहल ने यह संदेश दिया कि नागरिकों की वर्षों पुरानी समस्या सामने आने पर जनप्रतिनिधित्व केवल समस्या सुनने तक सीमित नहीं, बल्कि संबंधित प्रशासनिक तंत्र को साथ बैठाकर समाधान की प्रक्रिया शुरू कराने तक सक्रिय है।

Leave a Reply

Related Post

23 जुलाई को सागर में गूंजेगा आस्था एवं गुरु भक्ति का रस, गुरु पूजन महा महोत्सव
देवाचार्य जी महाराज (श्री रैवासा-वृंदावन धाम) देंगे दिव्य आशीर्वचन अजब धाम एवं मलूक पीठ परिवार…
प्रधानमंत्री मोदी द्वारा प्रज्ज्वलित विकास के दीपक का प्रकाश फैल रहा हैं देशभर में : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की सेवा-संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा सागर उदय, सागर मुख्यमंत्री…
राधाष्टमी विशुद्ध प्रेम, चेतना और आध्यात्मिक ऊर्जा के प्रकटीकरण का पर्व : अविराज सिंह
सागर उदय संवाददाता, सागर युवा नेता अविराज सिंह ने कहा कि श्रीराधा निष्काम एवं निस्वार्थ…

Discover more from

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading