अनंत चतुर्दशी पर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने गणेश विसर्जन स्थलों का किया निरीक्षण

बड़ी नदी लेहदरा नाका एवं काकागंज में कृत्रिम विसर्जन कुंड की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, श्रद्धालुओं से सुरक्षित विसर्जन की अपील

सागर उदय संवाददाता, सागर

अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर सागर नगर में बनाए गए विसर्जन स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन एवं नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने निरीक्षण किया। विधायक श्री जैन ने भोपाल रोड स्थित लेहदरा नाका बड़ी नदी के विसर्जन स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं नगर निगम की टीम से आवश्यक जानकारी ली।

इस दौरान विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने विसर्जन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं से संवाद कर उनकी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विसर्जन श्रद्धा और भक्ति के साथ सुरक्षित तरीके से करें। विशेष रूप से युवाओं से उन्होंने सावधानी बरतने तथा नदी के गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्सव की खुशी के साथ अपनी और अपने साथियों की सुरक्षा का ध्यान रखना भी आवश्यक है।

विधायक श्री जैन ने विसर्जन स्थल पर नगर निगम द्वारा की गई व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं की आवाजाही, प्रतिमा विसर्जन, सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके पश्चात विधायक श्री जैन ने काकागंज वार्ड में महलवार देवी मंदिर के समीप बनाए गए कृत्रिम विसर्जन कुंड का भी निरीक्षण किया। इस कृत्रिम कुंड में आसपास के क्षेत्रों की कालोनियों के घरों में स्थापित भगवान श्री गणेश की छोटी प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन कर रहे थे।

विधायक श्री जैन ने कृत्रिम कुंड की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए श्रद्धालुओं से संवाद किया तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि छोटी प्रतिमाओं के लिए कृत्रिम विसर्जन कुंड की व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ जल स्रोतों की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Related Post

Post Image
नई कार्यकारिणी का गठन
सागर। सागर विद्युत पेंशनर्स हित रक्षक संघ, भोपाल के प्रांतीय अध्यक्ष श्री अशोक कुमार गुप्ता…

Discover more from

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading