संकल्प फाउंडेशन ने निभाया वादा, बोन मैरो कैंसर पीड़ित बच्ची के घर लगाया आरओ वॉटर प्युरिफायर सिस्टम
>> सागर>> संकल्प फाउंडेशन ने निभाया वादा, बोन मैरो कैंसर पीड़ित बच्ची के घर लगाया आरओ वॉटर प्युरिफायर सिस्टम
संकल्प फाउंडेशन ने निभाया वादा, बोन मैरो कैंसर पीड़ित बच्ची के घर लगाया आरओ वॉटर प्युरिफायर सिस्टम
एक साल से बोतलबंद पानी पर निर्भर था परिवार, शुद्ध पेयजल की सुविधा मिलने के साथ आर्थिक बोझ भी होगा कम
सागर उदय संवाददाता, सागर
सेवा और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के संकल्प के साथ कार्य कर रहे संकल्प फाउंडेशन ने राजीव नगर वार्ड निवासी बोन मैरो कैंसर से पीड़ित बच्ची के घर आरओ वॉटर प्युरिफायर सिस्टम भेंट कर अपना संकल्प पूरा किया। बोन मैरो ट्रांसप्लांट के बाद चिकित्सकों ने बच्ची को शुद्ध पानी अथवा आरओ का पानी देने की सलाह दी थी। इसके चलते परिवार पिछले करीब एक वर्ष से बाहर से बोतलबंद पानी खरीदकर बच्ची को पिला रहा था।
आरओ वॉटर प्युरिफायर सिस्टम स्थापित होने के बाद बच्ची के परिजनों ने संकल्प फाउंडेशन अध्यक्ष रिशांक तिवारी और पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। परिजनों ने कहा कि बच्ची के लंबे उपचार के दौरान परिवार पहले ही आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों से गुजर रहा है। ऐसे में करीब एक वर्ष से बोतलबंद पानी खरीदना भी अतिरिक्त खर्च बन गया था। अब घर पर ही शुद्ध पानी की सुविधा उपलब्ध होने से बच्ची को डॉक्टरों की सलाह के अनुसार पानी दिया जा सकेगा और परिवार को बोतलबंद पानी पर होने वाले खर्च से भी राहत मिलेगी।
बच्ची के परिवार की आर्थिक स्थिति भी चुनौतीपूर्ण है। बच्ची के पिता पहले टेलरिंग का काम करते थे, लेकिन बेटी के स्वास्थ्य और इलाज हेतु नियमित चिकित्सकीय जांच के लिए उन्हें हर महीने करीब चार दिन बाहर जाना पड़ता है। बेटी के उपचार के चलते उनका नियमित टेलरिंग का काम प्रभावित हुआ और वर्तमान में वह दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। बेटी के स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यकताओं के कारण उन्हें समय-समय पर इलाज हेतु बाहर भी जाना पड़ता है।
परिवार की परिस्थितियों और बच्ची के स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यकताओं को देखते हुए संकल्प फाउंडेशन की टीम ने बच्ची के घर आरओ वॉटर प्युरिफायर सिस्टम की व्यवस्था कराई। बुधवार को इसे बच्ची के घर स्थापित किया गया। इस कार्य में एक्वागार्ड का कार्य करने वाले मधुरेश भाई ने भी सेवा भाव से सहयोग करते हुए आरओ वॉटर प्युरिफायर सिस्टम उपलब्ध कराया और उसे घर पर स्थापित किया। संकल्प फाउंडेशन ने उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
संकल्प फाउंडेशन अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने कहा कि बच्ची की स्वास्थ्य स्थिति और परिवार की परिस्थितियों को देखते हुए घर पर शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक था। फाउंडेशन का प्रयास है कि जरूरतमंद परिवारों की ऐसी छोटी लेकिन महत्वपूर्ण आवश्यकताओं को पूरा किया जाए, जिनका उनके दैनिक जीवन और स्वास्थ्य पर सीधा प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने कहा कि बच्ची ने बीमारी और लंबे उपचार के बावजूद हिम्मत नहीं हारी। वर्तमान में वह अंग्रेजी विषय से बीए की पढ़ाई कर रही है और बच्चों को पढ़ाने का कार्य भी करती है। बीमारी के बीच पढ़ाई जारी रखना और अपने पैरों पर खड़े होने का प्रयास करना उसके मजबूत हौसले को दशार्ता है। उन्होंने बच्ची के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिशांक तिवारी ने आरओ वॉटर प्युरिफायर सिस्टम उपलब्ध कराने में सहयोग करने वाले मधुरेश भाई का भी आभार व्यक्त किया और कहा कि समाज के लोगों का इसी तरह सेवा कार्यों में सहयोग जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी मदद साबित होता है।
संकल्प फाउंडेशन के सदस्यों ने कहा कि सेवा का अर्थ केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है। किसी परिवार की जरूरत के समय उसकी दैनिक जीवन से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करना भी सेवा का महत्वपूर्ण स्वरूप है। फाउंडेशन इसी भावना के साथ जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए आगे भी सेवा कार्य जारी रखेगा।
Related
Related Post
- September 11, 2026 • 👁 15
- by Sagar Uday
- 0
- 8:40 pm
देशज खेलों को प्रोत्साहन देगा अंतर विश्वविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन : कुलपति
विश्वविद्यालय के तत्त्वावधान में भारतीय विश्वविद्यालय संघ (अकव) के पश्चिम क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय कबड्डी (पुरुष)…
- September 23, 2026 • 👁 8
- by Sagar Uday
- 0
- 9:03 pm
