सड़कों पर दिखा उत्सव सा नजारा धूमधाम से समूहों में जिले भर पहुंचे हितग्राही, कार्यकर्ता और आमजन

सागर उदय संवाददाता, सागर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को सागर के पीटीसी मैदान में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति कलश यात्रा को लेकर शहर की सड़कों पर उत्सव सा नजारा दिखाई दिया। सुबह से ही सागर शहर के साथ-साथ जिलेभर के अलग-अलग क्षेत्रों से हितग्राही, कार्यकर्ता और आमजन धूमधाम से समूहों में कार्यक्रम स्थल की ओर रवाना हुए। लोगों के उत्साह और बड़ी संख्या में निकले समूहों से शहर की सड़कों पर उत्सव जैसा वातावरण दिखाई दिया।

कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही पीटीसी मैदान का पंडाल पूरी तरह भर चुका था। मंच से लेकर दर्शक दीर्घा तक उत्साह का माहौल दिखाई दे रहा था। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों के कारण कार्यक्रम स्थल पर विहंगम दृश्य नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ हुआ। विकसित भारत संकल्प सभा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वर्चुअल माध्यम से, जबकि कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने संबोधित किया। कार्यक्रम में विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने विकसित भारत के निर्माण की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी लोकेंद्र पाराशर, पूर्व मंत्री एवं रहली विधायक गोपाल भार्गव, विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, विधायक प्रदीप लारिया, विधायक वीरेंद्र सिंह लंबरदार, देवरी विधायक बृज बिहारी पटेरिया, जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, कुश कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रभुदयाल कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, जिला ग्रामीण अध्यक्ष रानी कुशवाहा, महापौर संगीता तिवारी, निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुधा जैन, डॉ. विनोद पंथी, सेवा संकल्प अभियान जिला संयोजक जगन्नाथ गुरैया एवं जिला पदाधिकारी मंचासीन रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की लोकसेवा बनी विकसित भारत की आधारशिला : गोविंद सिंह राजपूत

विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की लोकसेवा विकसित भारत की आधारशिला बनी है। वर्ष 2001 में गुजरात से शुरू हुई उनकी सार्वजनिक जीवन की यात्रा आज राष्ट्रसेवा, गरीब कल्याण, सुशासन और भारत के पुनर्निर्माण की व्यापक यात्रा बन चुकी है। प्रधानमंत्री मोदी ने सेवा और समर्पण को राजनीति के केंद्र में रखते हुए देश के विकास को नई दिशा दी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है और विकसित भारत का संकल्प अब केवल लक्ष्य नहीं, बल्कि जनभागीदारी से आगे बढ़ रहा राष्ट्रीय अभियान है। मोदी जी के 25 वर्षों के लोकसेवा के अनुभव और संकल्प ने विकसित भारत-2047 की नींव को मजबूत किया है। सेवा ज्योति कलश यात्रा इसी सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।

सेवा ज्योति प्रज्वलित कर सेवा संकल्प यात्रा को रवाना किया

जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत प्रदेश मंत्री व सागर जिला प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने सेवा ज्योति प्रज्वलित कर सभी विधानसभाओं के रथों को रवाना किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकतार्ओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम प्रभारी यश अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Related Post

निगमायुक्त  राजकुमार खत्री ने समाजसेवियों के साथ लोहिया पार्क का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश
लोहिया पार्क सहित शहर के समस्त पार्को की बेहतर सफाई एवं देखरेख से यहां सैर…
बंडा सहित देशभर के सेवा संकल्प यात्रियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया संवाद, यात्रियों से जाने उनके अनुभव
सेवा संकल्प यात्रा के माध्यम से देश की विविधता और संस्कृति को समझने का अवसर…
बी.के.पी. महाविद्यालय मालथौन में दो दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का शुभारंभ
सागर/मालथौन पं. बृजकिशोर पटैरिया महाविद्यालय मालथौन में नवीन प्रवेशित विद्यार्थियों हेतु दो दिवसीय दीक्षांरभ कार्यक्रम…

Discover more from

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading