नोडल कॉलेज में ‘जिला स्तरीय रोजगार मेले’ का भव्य आयोजन, 180 छात्र-छात्राओं को मिले रोजगार के अवसर
>> सागर>> नोडल कॉलेज में ‘जिला स्तरीय रोजगार मेले’ का भव्य आयोजन, 180 छात्र-छात्राओं को मिले रोजगार के अवसर
नोडल कॉलेज में ‘जिला स्तरीय रोजगार मेले’ का भव्य आयोजन, 180 छात्र-छात्राओं को मिले रोजगार के अवसर
विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति और आत्मनिर्भरता का भाव चिरस्थाई हो: विधायक शैलेंद्र जैन
सागर उदय संवाददाता
पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ द्वारा जिला स्तरीय एक दिवसीय ‘रोजगार एवं करियर अवसर मेले’ का गरिमामय आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के शुभारंभ सत्र के मुख्य अतिथि सागर विधायक शैलेंद्र जैन रहे तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी एवं प्रसिद्ध उद्योगपति गुलाब समैया व प्रशासनिक अधिकारी डॉ इमराना सिद्दीकी मंचासीन रहे। प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता की अध्यक्षता तथा डॉ. प्रतिभा जैन के कुशल संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती पूजन के साथ मेले का विधिवत शुभारंभ किया।
विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति और आत्मनिर्भरता का भाव हो चिरस्थाई : विधायक शैलेंद्र जैन
समारोह के मुख्य अतिथि विधायक शैलेंद्र जैन ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष के साथ युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि, “हमारे विद्यार्थियों में सेवा, राष्ट्रभक्ति और आत्मनिर्भरता का भाव सदैव चिरस्थाई होना चाहिए। युवा अपने अंदर छिपी प्रतिभा और सामर्थ्य को पहचानें तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर स्वयं का मार्ग तय करें। वह देखो पास खड़ी मंजिल, इंगित कर तुम्हें बुलाती है, और साहस से बढ़ने वालों के माथे पर तिलक लगाती है—की भावना के साथ युवा अपने-अपने क्षेत्र में महारत हासिल कर देश व प्रदेश का नाम रोशन करें।
युवाओं को स्वावलंबी बनाना ही मेले का मुख्य ध्येय”: प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने कहा कि उच्च शिक्षा के साथ-साथ युवाओं को व्यावहारिक कौशल से जोड़ना और उन्हें स्वावलंबी बनाना महाविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित इस मेले के माध्यम से विद्यार्थियों को सीधे प्रतिष्ठित कंपनियों से जुड़ने का सशक्त मंच प्राप्त हुआ है।
वहीं विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में इस रोजगार मेले को युवाओं के स्वर्णिम, उज्ज्वल और आत्मनिर्भर भविष्य के निर्माण में एक अत्यंत अनुकरणीय व सराहनीय कदम बताया।
5 नामी कंपनियों ने 180 विद्यार्थियों का किया चयन; माटी कला का स्टॉल रहा आकर्षण का केंद्र
संयोजक डॉ. प्रतिभा जैन के नेतृत्व में आयोजित इस मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 5 प्रमुख कंपनियों—सी टू एम सी सी (उ2टउ2) इंदौर, पुखराज हेल्थ केयर, टाटा ए आई जी, ग्रेनुअल आॅर्गेनिक एग्रीकल्चर एवं भारतीय जीवन बीमा निगम (छकउ) के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इन कंपनियों द्वारा विद्यार्थियों के साक्षात्कार लेकर 180 छात्र-छात्राओं का रोजगार के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर चयन किया गया। इसके साथ ही मेले में स्वरोजगार से जुड़े स्टॉलों में माटी कला का लाइव स्टॉल सर्वाधिक आकर्षण का केंद्र रहा, जहाँ मौके पर ही चाक पर मिट्टी के दीये व कलात्मक वस्तुएं बनाकर बेची गईं।
समापन सत्र: अतिथियों ने दिए प्रमाण पत्र
मेले के समापन सत्र में मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता शैलेश केशरवानी एवं विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त सीबीआई डीआईजी मोहम्मद सलीम खान उपस्थित रहे। श्री केशरवानी ने कहा कि प्रतिभा किसी दया की मोहताज नहीं होती, युवा अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखकर निरंतर आगे बढ़ें। अंत में अतिथियों द्वारा मेले में सहभागिता करने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों तथा स्टॉल लगाने वाली संस्थाओं को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. संदीप सबलोक ने बताया कि प्राचार्या डॉ. सरोज गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित यह मेला क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत फलदायी सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. अभिलाषा जैन ने किया तथा अंत में आभार प्रदर्शन डॉ. अमर कुमार जैन द्वारा व्यक्त किया गया। इस अवसर पर मनीष चौबे, नीरज यादव, नितिन सोनी एवं महाविद्यालय परिवार के डॉ विनय कुमार शर्मा डॉ संगीता मुखर्जी डॉ शुचिता अग्रवाल समेत समस्त प्राध्यापक, अतिथि विद्वान, अधिकारी-कर्मचारी व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Related
Related Post
- September 25, 2026 • 👁 11
- by Sagar Uday
- 0
- 6:52 pm
लेहदरानाका बड़ी नदी पर गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान स्वच्छता-सुरक्षा-सेवा का अद्भुत संगम देखने मिला
निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने निगम अमले के साथ स्वयं मोर्चा सम्हालकर विसर्जन व्यवस्था को चाकचौबंद…
- July 3, 2026 • 👁 21
- by Sagar Uday
- 0
- 5:14 pm
