👁 कुल विजिटर: 29,402
f 𝕏 ➤

सनातन संस्कृति के ध्वजवाहक बने कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत

रावतपुरा सरकार के महाअनुष्ठान में सपरिवार हुए शामिल, 20 हजार श्रद्धालुओं संग किया महाहवन

सागर उदय संवाददाता, सागर

राजधानी का ऐतिहासिक लाल परेड ग्राउंड की शाम एक अलौकिक आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति के गौरव का गवाह बना। राष्ट्र संत पूज्य गुरुदेव रावतपुरा सरकार के पावन सान्निध्य में जगत जननी मां राजराजेश्वरी का ‘हरिद्रा कोटि कुंकुमार्चन’ (एक करोड़ अर्चन) महाअनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक और भव्य धार्मिक महोत्सव में मध्य प्रदेश सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत अपनी धार्मिक आस्था और सनातन मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए अपनी पत्नी सागर की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सविता सिंह राजपूत के साथ सपरिवार शामिल हुए।

कैबिनेट मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत शुरू से ही अपनी गहरी धार्मिक आस्था और सनातन परंपराओं के संरक्षण के लिए जाने जाते हैं। इस महाअनुष्ठान में उनका सपरिवार शामिल होना उनकी इसी सोच को प्रदर्शित करता है, जो नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सनातन संस्कृति से जोड़ने का संदेश देती है। शाम 7 बजे शुरू हुए इस दिव्य अनुष्ठान में मंत्री श्री राजपूत ने न केवल विधि-विधान से पूजन किया, बल्कि वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के साथ बैठकर महाहवन में आहुतियां भी दीं। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।

सनातन ही हमारी पहचान और संस्कार है : श्री राजपूत

इस अलौकिक आयोजन का हिस्सा बनने के बाद कैबिनेट मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपनी गहरी आध्यात्मिक भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा, परम पूज्य रावतपुरा सरकार महाराज के सान्निध्य में मां राजराजेश्वरी का यह एक करोड़ अर्चन और महाहवन केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति की शक्ति का प्रकटीकरण है। सनातन धर्म ही हमारी पहचान, हमारे संस्कार और विश्व कल्याण का मार्ग है। आज अपनी धर्मपत्नी और परिवार के साथ इस महायज्ञ में आहुति देकर मुझे असीम मानसिक शांति और आत्मिक संतोष की अनुभूति हुई है। मेरा सदैव यह प्रयास रहता है कि हम अपनी व्यस्तताओं के बीच भी अपनी गौरवशाली वैदिक परंपराओं को न भूलें और आने वाली पीढ़ी को इन संस्कारों से जोड़कर रखें। मां राजराजेश्वरी और पूज्य गुरुदेव से यही प्रार्थना है कि हमारा मध्य प्रदेश हमेशा सुख, समृद्धि और शांति के पथ पर आगे बढ़ता रहे। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण सामूहिक महाहवन रहा, जिसमें 238 प्रकार की दुर्लभ जड़ी-बूटियों, सुगंधित द्रव्यों और विशेष सामग्रियों से आहुतियां दी गईं। पूरा लाल परेड ग्राउंड वैदिक ऋचाओं, मंत्रों की गूंज और धूप-सामग्री की दिव्य सुगंध से महक उठा। मां राजराजेश्वरी के चरणों में एक करोड़ अर्चन का यह दृश्य श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करने वाला था।

Leave a Reply

Related Post

महर्षि वाल्मीकि जयंती पर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने विशाल वाहन रैली में लिया हिस्सा
सागर उदय संवाददाता, सागर महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर विधायक  शैलेंद्र कुमार जैन…
ब्लॉक कांग्रेस मकरोनिया ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पूरी श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई
स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख जननायक थे भगवान बिरसा मुंडा : सुरेन्द्र चौधरी सागर। महान स्वतंत्रता…