👁 कुल विजिटर: 29,418
f 𝕏 ➤

जनजातीय समाज का स्वाभिमान और गौरव हमारे लिए सर्वोपरि : गोविंद सिंह राजपूत

कांग्रेस ने आदिवासी समाज को सिर्फ वोट बैंक समझा, भाजपा ने दिया सम्मान और अधिकार : गोविंद सिंह राजपूत

सागर उदय संवाददाता, सागर

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को धर्मश्री स्थित संभागीय भाजपा कार्यालय में मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक योगदान, जनजातीय समाज के उत्थान के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आगामी जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।

पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया, जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया, अभियान टोली के सह संयोजक विक्रम सोनी, राहुल वैद्य एवं सागर ग्रामीण अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जय सिंह उपस्थित रहे। पत्रकार वार्ता का संचालन जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने किया, जबकि आभार सह मीडिया प्रभारी आलोक केशरवानी ने व्यक्त किया।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं थे, बल्कि वे जनजातीय समाज के स्वाभिमान, जल-जंगल-जमीन के अधिकारों और सामाजिक न्याय के प्रतीक थे। 15 नवंबर 1875 को जन्मे भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के अन्याय और शोषण के विरुद्ध समाज को संगठित कर ‘उलगुलान’ आंदोलन के माध्यम से देश की आजादी में अविस्मरणीय योगदान दिया।

मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने उस ऐतिहासिक भूल को सुधारा है, जहां वर्षों तक जनजातीय महानायकों के बलिदान को उचित सम्मान नहीं मिल पाया था। प्रधानमंत्री जी की घोषणा के अनुरूप वर्ष 2021 से प्रतिवर्ष 15 नवंबर को पूरे देश में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ मनाया जा रहा है। इस वर्ष 2026 में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती को और भी भव्य रूप से मनाया जा रहा है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आदिवासी समाज को वोट बैंक के अलावा कुछ नहीं समझा, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा के साथ आदिवासी समाज को उनका उचित दर्जा और सम्मान देने के साथ उन्हें मुख्यधारा में जोड़ने का काम किया है।

11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह, प्रधानमंत्री मोदी भी जुड़ेंगे

मंत्री श्री राजपूत ने बताया कि 11 से 18 नवंबर तक पूरे मध्यप्रदेश में ‘जनजातीय गौरव सप्ताह’ और 14 से 16 नवंबर तक तीन दिवसीय भव्य राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। संस्कारधानी जबलपुर से लेकर धार, जोबट और खंडवा तक पूरा प्रदेश भगवान बिरसा मुंडा के रंग में रंगेगा। श्री राजपूत ने बताया कि 15 नवंबर को धार के डही और आलीराजपुर के जोबट में मुख्य समारोह आयोजित होंगे, जिसमें स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जुड़कर प्रदेशवासियों को अपना आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

जनजातीय महानायकों के नाम पर होंगे भवनों, सड़कों और चौराहों के नामकरण

मंत्री श्री राजपूत ने बताया कि मध्यप्रदेश में डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हमारी सरकार ने संकल्प लिया है कि प्रदेश के प्रमुख भवनों, सड़कों और चौराहों का नामकरण भगवान बिरसा मुंडा, टंट्या मामा, भीमा नायक और रानी दुर्गावती जैसे जनजातीय महानायकों के नाम पर किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के 89 जनजातीय विकासखंडों के प्रत्येक स्कूल में बच्चों को इस गौरवशाली इतिहास से परिचित कराया जा रहा है।

 89 जनजातीय विकासखंडों के 6500 से अधिक गांवों में घर-घर पहुंच रहा राशन

मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रांची में भगवान बिरसा मुंडा स्मारक एवं स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन किया। उनकी 150वीं जयंती के अवसर पर विशेष स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी किया गया। इसके अलावा देशभर में जनजातीय गौरव उपवन विकसित करने की पहल की गई।

उन्होंने बताया कि जनजातीय समाज के उत्थान के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा कई प्रमुख योजनाएं प्रारंभ की गईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 15 नवंबर 2021 को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से राशन आपके द्वार योजना शुरू की गई। इस योजना के तहत आज मध्यप्रदेश के 20 जिलों के 89 जनजातीय विकासखंडों के 6,500 से अधिक गांवों में वाहनों के माध्यम से घर-घर राशन पहुंचाया जा रहा है। इससे 7 लाख से अधिक जनजातीय परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।

इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर पर 15 नवंबर 2023 को प्रारंभ की गई पीएम जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (मध्यप्रदेश की बैगा, भारिया और सहरिया जनजाति) को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

श्री राजपूत ने बताया कि 2 अक्टूबर 2024 को शुरू हुए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत देश के 30 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के 63,843 जनजातीय बहुल गांवों के लगभग 5 करोड़ नागरिकों के सर्वांगीण विकास का लक्ष्य रखा गया है। इसे 17 केंद्रीय मंत्रालयों के समन्वय से लागू किया जा रहा है।

जनजातीय बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर विशेष जोर

खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि जनजातीय बच्चों को डॉक्टर, इंजीनियर, अधिकारी और उद्यमी बनाने के लिए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति, उच्च शिक्षा हेतु आर्थिक सहायता, छात्रावास, आश्रम शालाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि 15 नवंबर 2021 को भोपाल से शुरू हुए मध्यप्रदेश सिकल सेल मिशन और 1 जुलाई 2023 को शुरू हुए राष्ट्रीय मिशन के जरिए सिकल सेल रोग की जांच, पहचान, उपचार और परामर्श की सुविधा दी जा रही है।

श्री राजपूत ने बताया कि ‘वन धन विकास केंद्र योजना’ के माध्यम से महुआ, तेंदूपत्ता, शहद, आंवला आदि लघु वनोपज का प्रसंस्करण और विपणन कर आय बढ़ाई जा रही है। इसके अलावा पात्र वन निवासियों को वन अधिकार पट्टों का वितरण, पीएम किसान सम्मान निधि और स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है।

सुरखी का जनजातीय समाज हमारे परिवार का अभिन्न हिस्सा : गोविंद सिंह राजपूत

पत्रकार वार्ता में खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने अपने विधानसभा क्षेत्र सुरखी के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि सुरखी का जनजातीय समाज हमारे परिवार का अभिन्न हिस्सा है। क्षेत्र की जनजातीय बस्तियों में सड़क, बिजली, पेयजल, पीएम आवास, स्वास्थ्य शिविर, बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं के कौशल प्रशिक्षण और महिलाओं को स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। हमारा संकल्प है कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र का कोई भी पात्र जनजातीय परिवार विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Related Post

नोडल कॉलेज में गांधी व शास्त्री जयंती पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य आयोजन: स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा का लिया संकल्प
सागर उदय संवाददाता, सागर पं. दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर में…