निगमायुक्त ने राजघाट चौराहे से मोतीनगर चौराहे तक भ्रमण कर सफाई व्यवस्था एवं विभिन्न निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
Sagar Uday >> सागर>> निगमायुक्त ने राजघाट चौराहे से मोतीनगर चौराहे तक भ्रमण कर सफाई व्यवस्था एवं विभिन्न निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
निगमायुक्त ने राजघाट चौराहे से मोतीनगर चौराहे तक भ्रमण कर सफाई व्यवस्था एवं विभिन्न निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
सागर उदय संवाददाता, सागर
नगर निगम आयुक्त एवं सह कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ स्मार्ट सिटी श्री राजकुमार खत्री ने रविवार सुबह तिली-बाघराज, अंबेडकर एवं मोतीनगर वार्ड स्थित भ्रमण कर सफाई व्यवस्था सहित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। राजघाट चौराहा से मोतीनगर चौराहा तक निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने स्मार्ट सिटी द्वारा सोमनाथपुरम-धर्मश्री रोड पर कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बाघराज वार्ड स्थित सोमनाथपुरम के पास मुख्य मार्ग पर टायर का व्यवसाय करने वाले दुकानदारों तथा खाली प्लॉटों में रेत एवं गिट्टी का व्यवसाय कर रहे दुकानदारों द्वारा सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर सामग्री रखकर अव्यवस्था फैलाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित दुकानदारों को दो दिवस का नोटिस जारी कर निर्धारित समय में अपना सामान एवं सामग्री हटाने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने स्पष्ट कहा कि दो दिन के भीतर टायर दुकानदार अपने टायर एवं अन्य सामग्री हटा लें, अन्यथा नगर निगम द्वारा सामग्री जब्त कर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान धर्मश्री स्थित शराब दुकान परिसर में साफ-सफाई का अभाव एवं गंदगी पाए जाने पर निगमायुक्त ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकान संचालक पर 10 हजार रुपए की चालानी कार्रवाई करवाई। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों की जिम्मेदारी है कि वे अपने प्रतिष्ठान एवं आसपास के क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई रखें। सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नगर निगम द्वारा लगातार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मोतीनगर चौराहे पर सफाई व्यवस्था एवं सभी ठेले एक व्यवस्थित जगह पर चौपाटी पर लगाने तथा मोतीनगर चौराहे पर बने फाउंटेन को चालू करने के निर्देश दिए । निगमायुक्त ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखना नगर निगम के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक एवं व्यवसायी की भी जिम्मेदारी है। सभी दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों के सामने स्वच्छता बनाए रखें तथा सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार की सामग्री रखकर आवागमन बाधित न करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निदेर्शों का पालन सुनिश्चित कराएं तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करें।
Related
Related Post
- September 15, 2026 • 👁 23
- by Sagar Uday
- 0
- 8:32 pm
फसल नुकसान पर किसानों ने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को सौंपा ज्ञापन
आंधी-तूफान और बारिश से मक्का की फसल तबाह, उड़द की फसल में भी अप्लान की…
- September 11, 2026 • 👁 26
- by Sagar Uday
- 0
- 8:46 pm
