👁 कुल विजिटर: 29,371
f 𝕏 ➤

देवत्व की आभा, पुरुषार्थ और पराक्रम का संगम थे श्री राज राजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु जी -अविराज सिंह

सागर। श्री राज राजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु जी विशाल साम्राज्य का संचालन करने के साथ साथ आध्यात्मिक और धार्मिक कर्तव्यों से कभी नहीं भटके। उनसे युवाओं को प्रेरणा मिलती है कि करियर की भागदौड़ और आधुनिक सफलता के साथ-साथ मानसिक शांति और अपने संस्कारों से जुड़ाव भी उतना ही आवश्यक है। यह बात युवा भाजपा नेता अविराज सिंह ने यहां श्री राज राजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु जी के प्रकट उत्सव के शुभ अवसर आयोजित कार्यक्रम में अपने संबोधन में कही।

सागर की हैहय क्षत्रिय कलचुरि कलार समाज सागर (राय, चौकसे, मुखारया, जायसवाल) द्वारा श्री राज राजेश्वर सहस्त्रबाहु जी के प्रकट उत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अविराज सिंह ने कहा कि हैहय वंश के अधिपति, चक्रवर्ती सम्राट श्री राजराजेश्वर सहस्रबाहु कार्तवीर्य अर्जुन एक ऐसे शासक थे, जिनमें देवत्व की आभा और मानवीय महत्त्वाकांक्षाओं का एक दुर्लभ संगम देखने को मिलता है। उन्हें भारतीय वांग्मय में भगवान विष्णु के अजेय ‘सुदर्शन चक्र’ का साक्षात अंशावतार माना गया है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, हैहय वंश के सबसे प्रसिद्ध राजा सहस्त्रबाहु अर्जुन को केवल एक शक्तिशाली राजा नहीं, बल्कि भगवान विष्णु के सुदर्शन चक्र का अवतार माना जाता है। इस कारण उनमें समस्त ब्रह्मांड का अतुल बल समाहित था, जो उन्हें पृथ्वी पर सबसे शक्तिशाली बनाता था।

युवा नेता अविराज सिंह ने बताया कि भगवान श्री सहस्रबाहु अष्ट सिद्धियों और नव निधियों के ज्ञाता थे। योग विद्या में पारंगत होने के कारण उनका शरीर अत्यंत दिव्य, ओजस्वी और आजीवन रोगमुक्त रहता था। दत्तात्रेय जी ने उन्हें एक दिव्य स्वर्ण रथ भी प्रदान किया था जो पृथ्वी, जल और आकाश में निर्बाध रूप से चल सकता था, जिससे वे तीनों लोकों में अजेय बन गए थे। वे कहते थे राजा को योगी की तरह संयमी और योद्धा की तरह पराक्रमी होना चाहिए।उन्होंने कृषि, व्यापार और वास्तुकला को अत्यधिक महत्व दिया, जिससे महिष्मती नगरी उस समय की सबसे समृद्ध और सुंदर राजधानियों में से एक बन गई थी। जिन्होंने बिखरे हुए क्षत्रिय कुलों को एक सूत्र में पिरोकर एक अखंड और शक्तिशाली राष्ट्र की नींव रखी थी। उनके शासन को ‘रामराज्य’ के समान ही एक आदर्श व्यवस्था माना गया है, जहां राजा केवल शासक नहीं, बल्कि जनता का प्रथम सेवक और रक्षक होता था।मध्य प्रदेश के महेश्वर में आज भी उनके नाम से प्रसिद्ध ‘राज राजेश्वर मंदिर’ स्थापित है, जहाँ उनके दर्शन करने और आशीर्वाद लेने लाखों श्रद्धालु आते हैं। 

उन्होंने कहा किआज हमें अपने पूर्वजों के इस महान और पराक्रमी इतिहास से प्रेरणा लेकर अपनी युवा पीढ़ी को संस्कारवान और सशक्त बनाना है। हम सब मिलकर समाज की उन्नति, आधुनिक शिक्षा और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का दृढ़ संकल्प लें। जबलपुर के भेड़ाघाट स्थित प्रसिद्ध चौसठ योगिनी मंदिर का निर्माण कलचुरि शासकों ने ही करवाया था। यह अद्भुत वास्तुकला हमारे पूर्वजों की धर्मपरायणता और स्थापत्य कला के प्रति उनके प्रेम का जीवंत प्रमाण है। उन्होंने कहा कि समय के साथ हमारा विशाल हैहय क्षत्रिय समाज राय, चौकसे, मुखारया और जायसवाल जैसी विभिन्न सम्मानजनक शाखाओं में पल्लवित हुआ। ये सभी उपनाम एक ही महान वटवृक्ष की मजबूत डालियां हैं जो हमें आपस में जोड़ती हैं।कलचुरियों का शासनकाल मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के इतिहास का ‘स्वर्ण युग’ था। रतनपुर और त्रिपुरी उनकी गौरवशाली शासन व्यवस्था के अमर प्रतीक हैं।

आयोजकों द्वारा इस अवसर पर विशाल वाहन रैली तथा भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया। अखिल हैहेय क्षत्रिय कल्चुरी महासभा के जिला अध्यक्ष अखिलेश राय ने अविराज सिंह का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन ऐनी गोस्वामी ने किया। आभार प्रदर्शन वेदांत राय ने किया। कार्यक्रम में सहित अखिलेश राय जिला समाज अध्यक्ष, विदांश राय, निक्की राय, रामसहाय राय, राजेंद्र राय समाज के सभी गणमान्य जन और नारीशक्ति की गरिमामय उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Related Post

निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने नगर निगम के अधिकारी कर्मचारियों को दिलाई स्वच्छता की शपथ
स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत नगर निगम द्वारा विभिन्न गतिविधियों…
युवा कांग्रेस नरयावली ने पूरी श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई पं.जवाहरलाल नेहरू की जयंती
सागर उदय संवाददाता, सागर आधुनिक भारत के निर्माता एवं देश के प्रथम प्रधानमंत्री स्व.पं. जवाहरलाल…
पूर्व में  पारित निर्णयों पर कार्यवाही न होने पर निगमायुक्त की लचर कार्यप्रणाली की निंदा करते हुये एम.आई.सी.शासन को भेजेंगे पत्र: महापौर
एम.आई.सी.की गंभीर आपत्ति- पूर्व निर्णयों का पालन न करने की वजह से उपस्थित एम.आई.सी.सदस्यों के…