👁 कुल विजिटर: 32,408
f 𝕏 ➤

पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने बण्डा में शराब के सेवन से युवकों की मौत के मामले में शासन-प्रशासन को जमकर घेरा

मौतों की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग।

सागर उदय संवाददाता, सागर

वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने बण्डा के ग्राम सेमरा रामचन्द्र निवासी कमलेश लोधी एवं चन्द्रभान लोधी की शराब के सेवन के बाद हुई मौत तथा एक अन्य युवक की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती होने की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।श्री चौधरी ने कहा कि सागर जिले में अवैध शराब एवं जहरीली शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई को लेकर शासन-प्रशासन द्वारा किए जा रहे दावे पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं। यही कारण है कि जिले में बण्डा-शाहगढ़ के बाद केसली,नरयावली के ईसरवारा,सागर के मछरयाई और अब बण्डा के ग्राम सेमरा रामचन्द्र में शराब के सेवन के बाद मौत एवं लोगों के बीमार होने की हृदयविदारक घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।उन्होंने कहा कि लगातार घटित हो रही इन घटनाओं से यह स्पष्ट है कि जिले में अवैध एवं जहरीली शराब के कारोबार पर शासन-प्रशासन का प्रभावी नियंत्रण नहीं रह गया है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि शराब के सेवन से हो रही इन मौतों की वास्तविकता सामने लाने के बजाय पूरे मामले की सच्चाई पर पर्दा डालने की कोशिश होती दिखाई दे रही है। आखिर ऐसी कौन सी परिस्थितियां हैं कि जिले में एक के बाद एक इस तरह की घटनाएं घटित हो रही हैं और जिम्मेदार अधिकारी प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहे हैं? आखिर कब तक इन घटनाओं की सच्चाई छिपाई जाती रहेगी?

श्री चौधरी ने जिला एवं पुलिस प्रशासन के साथ-साथ आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले कई वर्षों से सागर जिले में पदस्थ रहे तथा स्थानांतरण होने के बाद बार-बार पुन: सागर जिले में ही पदस्थ होने वाले जिला व पुलिस प्रशासन के साथ ही आबकारी विभाग के मैदानी अमले की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिले में लंबे समय से कार्यरत इस अमले को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबार, उसके नेटवर्क और इसमें संलिप्त लोगों की स्पष्ट जानकारी होने के बावजूद आखिर इस कारोबार पर प्रभावी अंकुश क्यों नहीं लगाया जा सका? यह अपने आप में गंभीर जांच का विषय है। यदि जिला एवं पुलिस प्रशासन के साथ-साथ आबकारी विभाग के ऐसे मैदानी अमले की भूमिका, कार्यप्रणाली और उनके कार्यकाल के दौरान की गई कार्रवाई की निष्पक्ष एवं सूक्ष्मता से जांच कराई जाती है, तो अवैध शराब के कारोबार को संरक्षण देने, लापरवाही बरतने अथवा अन्य गंभीर अनियमितताओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य उजागर हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में केवल छोटे स्तर पर कार्रवाई करने के बजाय जिम्मेदारों की जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए।श्री चौधरी ने कहा कि शासन-प्रशासन द्वारा नशे के खिलाफ विभिन्न अभियान चलाकर लाखों लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन सागर जिले में इन अभियानों का जमीनी असर कहीं नजर नहीं आ रहा है। परिणामस्वरूप शराब के सेवन से मौतों और लोगों के बीमार होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सवाल यह है कि आखिर इन घटनाओं की वास्तविकता क्या है और जिम्मेदारों द्वारा समय रहते प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है? पूर्व मंत्री श्री चौधरी ने मांग करते हुए कहा कि बण्डा के ग्राम सेमरा रामचन्द्र में शराब के सेवन के बाद हुई मौतों के पूरे मामले की उच्च स्तरीय,निष्पक्ष एवं सूक्ष्मता से जांच कराई जाए। साथ ही प्रदेश सरकार एवं प्रशासन द्वारा नशे के खिलाफ चलाए गए अभियानों की वास्तविकता और जिले में शराब के सेवन के बाद हो रही मौतों के कारणों की भी गहन समीक्षा एवं जांच की जाए। इस जांच के दायरे में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं आबकारी विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों तथा लंबे समय से जिले में पदस्थ रहे और बार-बार जिले में पदस्थ होने वाले मैदानी अमले की भूमिका को भी शामिल किया जाए।उन्होंने कहा कि समूचे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर युवकों की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाए तथा इसके लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही जिले में पनप रहे अवैध एवं जहरीली शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ठोस और निर्णायक कदम उठाए जाएं।श्री चौधरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में लगातार हो रही ऐसी हृदयविदारक घटनाओं के खिलाफ हम चुप बैठने वाले नहीं हैं। सागर जिले में अवैध एवं जहरीली शराब के कारोबार पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाने, जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने और इसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित होने तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा। लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले इस अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Related Post

Post Image
विद्युत कंपनियों के पेंशनर्स और कार्मिकों को दीपावली का तोहफा: ऊर्जा मंत्री तोमर
सागर उदय संवाददाता, सागर ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि मध्यप्रदेश पावर…