नर्मदा स्नान कर लौट रही ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटी
Sagar Uday >> सागर>> नर्मदा स्नान कर लौट रही ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटी
नर्मदा स्नान कर लौट रही ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटी
घटना में 3 की मौत 28 हुए घायल
सागर उदय संवाददाता, सागर
गौरझामर। थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर नीम घाटी के पास रविवार दोपहर करीब 12 बजे नर्मदा स्नान कर लौट रही ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 लोग घायल हो गए। घायलों में से 26 को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय सागर रेफर किया गया। वहीं, दो बच्चों को मामूली चोटें आने पर प्राथमिक उपचार दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बांदरी थाना क्षेत्र के ग्राम गडौला के ग्रामीण नर्मदा नदी के बरमान घाट पर स्नान करने गए थे। रविवार को स्नान कर सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नीम घाटी के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम मुनव्वर खान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश कौशल, एसडीओपी अरुण उइके, गौरझामर थाना प्रभारी नासिर फारुकी और देवरी थाना प्रभारी कपिल लक्षकार सहित पुलिस बल के अधिकारी-कर्मचारी अस्पताल पहुंचे। देवरी नगर के नागरिक भी घायलों की मदद के लिए अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के उपचार की जानकारी ली और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
तीन लोगों की मौत
हादसे में रक्षा प्रजापति, प्रेमरानी यादव (पति रम्मू यादव) और राकेश यादव (पिता रम्मू यादव) की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। घायलों को उपचार के लिए सागर भेजा गया है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली से सफर पर फिर उठे सवाल
ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोगों को ट्रैक्टर-ट्रॉली, पिकअप और अन्य मालवाहक वाहनों से धार्मिक यात्राओं पर ले जाया जाता है। ऐसे वाहनों में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने पर दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। पूर्व में भी इस तरह के सड़क हादसों में लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद मालवाहक वाहनों से यात्राएं जारी हैं। नीम घाटी की घटना ने एक बार फिर यात्रियों की सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घायलों में सविता यादव,शालिनी सेन,स्वाति सेन,तुलसीराम यादव,प्रेम बाई यादव,चमन सेन,सीता प्रजापति,शानवी प्रजापति,सुमन, बबीता,अनीता सेन सत्यम सेन,संध्या,यशवीर,गीता,पार्वती,राममिलन सेन,राजपाल प्रजापति,भूपेंद्र यादव,ललित प्रजापति,यशोदा प्रजापति,भूमि प्रजापति,अनुराधा यादव,संध्या सेन,मिथलेश यादव,लक्ष्मी यादव,अंगद सेन,राधिका प्रजापति,टीकाराम प्रजापति, मेघा यादव,द्रोपती प्रजापति, रानू यादव शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शी नवीन हजारी ने बताया कि मैं सागर जा रहा था, तभी नीम घाटी के पास यह हादसा हो गया। घटनास्थल पर लोगों की चीख-पुकार मची हुई थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली में बच्चों सहित 20 से अधिक लोग सवार थे। किसी के सिर से खून निकल रहा था तो किसी के हाथ में गंभीर चोट लगी थी। सभी घायल दर्द से कराह रहे थे। इस घटना से टोल नाका प्रबंधन की लापरवाही भी सामने आती है। जब ट्रैक्टर-ट्रॉली से होने वाले हादसों का खतरा रहता है, तो ऐसे वाहनों को टोल नाके से गुजरने की अनुमति कैसे दी जाती है? वर्तमान में कार्तिक मेला चल रहा है, जिसके चलते नर्मदा स्नान के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना है। ऐसे में टोल नाकों से ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे वाहनों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाई जानी चाहिए, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके और लोगों की जान सुरक्षित रहे। एसडीएम मुनव्वर खान ने बताया की बांदरी थाना क्षेत्र के ग्राम गाडोला गोसाई निवासी सभी लोग ट्रैक्टर ट्राली से नर्मदा स्नान कर लौट रहे थे जिसमें करीब 36 लोग सवार थे, इसमें से तीन लोगों की मौत हो गई बाकी 33 लोग घायल है , घायलो को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है देरी नगर के लोगों ने और प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर सभी घायलों को उपचार में मदद की , और जहां से जिला चिकित्सालय सागर रेफर किया गया है,सभी गाडौला गोसाई गांव में सूचना भेजी गई है जहां से लोगों के पहुंचने के बाद और अन्य विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
Related
Related Post
- October 21, 2026 • 👁 11
- by Sagar Uday
- 0
- 8:59 pm
कांग्रेस ने वोट चोरी को लेकर ज्ञानेश कुमार का विरोध कर पुतला जलाया
बंडा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बंडा एवं धामोनी के संयुक्त तत्वाधान में आज महात्मा गांधी जी…
- November 14, 2026 • 👁 18
- by Sagar Uday
- 0
- 8:55 pm
