👁 कुल विजिटर: 30,172
f 𝕏 ➤

सम्मान जो समाज के काम आए अभियान के तहत कार्यक्रम

बरोदिया नौनागिर के 870 विद्यार्थियों को वितरित की गई शैक्षणिक सामग्री

सागर उदय, सागर
जिला पंचायत की पूर्व उपाध्यक्ष श्रीमती सरोज भूपेन्द्र सिंह ने 870 विद्यार्थियों को कॉपी, पुस्तकें, टिफिन सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भूपेन्द्र सिंह ने सार्वजनिक जीवन में फूल-मालाओं और औपचारिक उपहारों के स्थान पर समाजोपयोगी सामग्री स्वीकार करने का संकल्प लिया है, ताकि लोगों के स्नेह और सम्मान को बच्चों की शिक्षा तथा समाज के कल्याण से जोड़ा जा सके। सार्वजनिक जीवन में मिलने वाले सम्मान को समाजहित से जोड़ने की अनूठी पहल करते हुए उपयोगी सामग्रियों का वितरण मंगलवार को सम्मान जो समाज के काम आए अभियान के तहत शासकीय हायर सेकेंड्री स्कूल, बरोदिया नौनागिर में किया गया।
श्रीमती सरोज भूपेन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों को सामग्री वितरित करते हुए कहा कि भूपेन्द्र सिंह ने यह संकल्प लिया है कि वे अपने सार्वजनिक सम्मान में फूल-मालाएं, गुलदस्ते अथवा अन्य औपचारिक उपहार स्वीकार नहीं करेंगे। इसके स्थान पर यदि कोई सम्मान स्वरूप कॉपी, पुस्तकें, टिफिन, स्कूल बैग अथवा बच्चों के उपयोग की अन्य सामग्री भेंट करता है, तो उसे क्षेत्र के जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुंचाया जाएगा।
श्रीमती सरोज भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि यह पहल केवल सम्मान की परंपरा में बदलाव नहीं है, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व का एक प्रेरक उदाहरण है। किसी भी जनप्रतिनिधि को मिलने वाला सम्मान तभी सार्थक माना जा सकता है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी भावना के साथ आज बरोदिया नौनागिर से इस वितरण अभियान की शुरूआत की गई है और आगामी दिनों में खुरई विधानसभा क्षेत्र के अन्य विद्यालयों में भी विद्यार्थियों के बीच सम्मान स्वरूप प्राप्त सामग्री का वितरण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पूर्व गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने अपने सार्वजनिक जीवन में विकास को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। शिक्षा, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, खेल, नगरीय सुविधाओं और आधारभूत अधोसंरचना के क्षेत्र में खुरई विधानसभा में अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। बरोदिया नौनागिर को नगर पंचायत का दर्जा दिलाना भी इन्हीं प्रयासों का परिणाम है। नगर पंचायत बनने से क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट, नागरिक सुविधाओं तथा विकास कार्यों को नई गति मिलेगी, जिससे स्थानीय नागरिकों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा।
श्रीमती सरोज भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि क्षेत्र में सड़क संपर्क का लगातार विस्तार किया जा रहा है। खुरई, खिमलासा, राहतगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ने के प्रयासों से आवागमन सुगम होगा, व्यापार एवं रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर अधोसंरचना का सबसे अधिक लाभ विद्यार्थियों और युवाओं को मिलेगा, क्योंकि उन्हें शिक्षा, रोजगार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक सहज पहुंच प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि भूपेन्द्र सिंह का स्पष्ट संकल्प है कि सार्वजनिक जीवन में मिलने वाला प्रत्येक सम्मान समाज की अमानत है। इसलिए सम्मान स्वरूप प्राप्त प्रत्येक उपयोगी सामग्री को बच्चों, विद्यार्थियों और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने सभी नागरिकों से भी आग्रह किया कि यदि वे सम्मान व्यक्त करना चाहते हैं तो फूल-मालाओं और गुलदस्तों के स्थान पर विद्यार्थियों के उपयोग की सामग्री भेंट करें, ताकि वह समाज के भविष्य निर्माण में योगदान दे सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सम्मान जो समाज के काम आए अभियान पूरे क्षेत्र में जनसहभागिता का प्रेरक अभियान बनेगा।
कार्यक्रम में कोमल सिंह, जवाहर सिंह, शंभू प्रसाद शर्मा, दिनेश नामदेव, मोतीलाल अहिरवार, सरदार सिंह, सुनील ठाकुर, राशिद खान, गोरेलाल सिंह, अंकित सिंह, लाल सिंह, प्राचार्य धर्मेंद्र सिंह, विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक तथा बड़ी संख्या में युवा साथी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Related Post