खाद संकट, मूंग खरीदी और जनसमस्याओं को लेकर देवरी में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन
>> सागर>> खाद संकट, मूंग खरीदी और जनसमस्याओं को लेकर देवरी में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन
खाद संकट, मूंग खरीदी और जनसमस्याओं को लेकर देवरी में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन
पूर्व मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने निकाली रैली, राज्यपाल के नाम सौंपा 15 सूत्रीय ज्ञापन
देवरीकला। देवरी विधानसभा क्षेत्र में किसानों की समस्याओं, खाद संकट, मूंग खरीदी, अघोषित बिजली कटौती तथा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवरी के बैनर तले विशाल जनआंदोलन देखने को मिला। पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों, कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकतार्ओं ने नगर के मुख्य मार्गों पर रैली निकालकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकतार्ओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए महामहिम राज्यपाल के नाम तहसीलदार देवरी को 15 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
रैली में बड़ी संख्या में शामिल किसान अपने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हुई है। खरीफ सीजन के दौरान किसान खाद के लिए दर-दर भटक रहे हैं, जबकि मूंग उत्पादक किसानों को भी अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण किसान आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं।
पूर्व कैबिनेट मंत्री हर्ष यादव ने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन आज वही किसान खाद, बिजली और अपनी फसल का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने मूंग खरीदी को केवल 25 प्रतिशत तक सीमित कर किसानों के साथ अन्याय किया है। कांग्रेस की मांग है कि किसानों की 100 प्रतिशत मूंग की उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी जाए, ताकि किसानों को अपनी मेहनत का पूरा लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन में डीएपी और यूरिया की भारी कमी से किसान परेशान हैं। कई स्थानों पर किसानों को घंटों कतारों में लगना पड़ रहा है, जबकि कुछ स्थानों पर खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। कांग्रेस ने मांग की कि जिले में पर्याप्त मात्रा में डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराया जाए तथा खाद की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही टोकन, कूपन और पोर्टल की तकनीकी खामियों को तत्काल दूर कर किसानों को बिना परेशानी खाद उपलब्ध कराई जाए। ज्ञापन में देवरी विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भीषण गर्मी और उमस के बीच ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कई-कई घंटे बिजली गुल रहने से आम जनता परेशान है। किसानों की सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। इसलिए नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा उपभोक्ताओं को भेजे जा रहे आंकलित बिजली बिलों की भी जांच कर राहत प्रदान की जाए। कांग्रेस ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि देवरी विधानसभा में अवैध जुआ, सट्टा, शराब, गांजा, ड्रग्स और अन्य नशीले पदार्थों का कारोबार लगातार बढ़ रहा है। इसके साथ ही चोरी जैसी घटनाओं में भी वृद्धि हुई है। ज्ञापन में मांग की गई कि क्षेत्र में चल रहे अवैध कारोबार पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए। ज्ञापन में रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व से जुड़े गांवों की समस्याओं को भी प्रमुखता से रखा गया। कांग्रेस ने मांग की कि जो गांव विस्थापित नहीं होना चाहते, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना, बीपीएल, संबल, आयुष्मान, सोलर लाइट, सड़क और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। वहीं जिन गांवों का विस्थापन हो चुका है और जहां ग्रामीण अन्य स्थानों पर बस चुके हैं, उन्हें भी बिजली, पानी, सड़क, राशन, मतदाता सूची में नाम और अन्य सभी सरकारी योजनाओं का लाभ तत्काल उपलब्ध कराया जाए। देवरी नगर की पेयजल समस्या को गंभीर बताते हुए कांग्रेस ने कहा कि नगरपालिका परिषद की लापरवाही के कारण कई वार्डों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है। गर्मी के मौसम में लोग पेयजल के लिए परेशान हैं। इसलिए पुरानी पाइपलाइन को शीघ्र चालू कर नगरवासियों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जाए। ज्ञापन में प्रधानमंत्री आवास योजना का भी मुद्दा उठाया गया। कांग्रेस ने कहा कि नगरपालिका क्षेत्र में 1399 हितग्राहियों के आवेदन निरस्त कर दिए गए। कई बार सर्वे और आवेदन भरने के बावजूद गरीब परिवारों को अब तक आवास योजना का लाभ नहीं मिला। कांग्रेस ने सभी पात्र हितग्राहियों को शीघ्र आवास स्वीकृत करने की मांग की। साथ ही नगरपालिका द्वारा निर्मित दुकानों का जल्द आवंटन करने की भी मांग रखी गई। इसके अलावा ग्राम झमारा में स्थापित दूरसंचार टावर को शीघ्र चालू कराने, अनंतपुरा-सागौनी एवं मोकला-सुनारोड़ मार्ग का निर्माण कराने, भाजपा के चुनावी वादे के अनुसार पात्र महिलाओं को लाड़ली बहना योजना में जोड़ने, योजना की राशि बढ़ाकर तीन हजार रुपये करने, प्रधानमंत्री आवास एवं निशुल्क गैस कनेक्शन देने, महाराजपुर और गौरझामर में महाविद्यालय खोलने तथा महाराजपुर ग्राम पंचायत को नगर पंचायत का दर्जा देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल किसानों का नहीं बल्कि पूरे देवरी विधानसभा क्षेत्र के आम नागरिकों की समस्याओं को लेकर है। यदि सरकार ने इन मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया और शीघ्र समाधान नहीं किया, तो कांग्रेस किसानों और आम जनता के साथ चरणबद्ध गांधीवादी आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष राजौरिया, नगर अध्यक्ष गौरव पाण्डेय, सतीश राजौरिया, रजनीश जैन, साबिर बाबा, मुकेश कोष्टी, विजय गोवा, सौरभ नामदेव, सचिन नामदेव, मुकेश सेन, रामेश्वर यादव, प्रदीप पटैल, अखिल दुबे, दीपक कुर्मी, सुभाष सिघई, कपिल पाण्डेय निर्मल सिमरा बहादुर लोधी साहिल यादव कपिल सोनी कन्हैया लाल लोधी प्रदीप पटेल यशवंत रैकवार परसु रैकवार गजेंद्र गुरु रामेश्वर पटेल नंदराम चढ़ार आंचल आठया सुनील टिकर्य विनीत घोसी बलवंत राजपूत उमराम यादव कैलाश टिकर्य मुलाम राजपूत विजय गोवा अखिल दुबे दीपक पटेल शैकी राय नीलेश पटेल ब्रजेश पटेल जगदीश पटेल राजकुमार लोधी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
Related
Related Post
- July 4, 2026 • 👁 19
- by Sagar Uday
- 0
- 5:04 pm
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला शहर कांग्रेस ने निकाली साइकिल रैली
शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने मांगा राम मंदिर में चंदा चोरी और उज्जैन में जमीनों की…
- September 23, 2026 • 👁 6
- by Sagar Uday
- 0
- 6:15 pm
