सुरखी को 16 करोड़ की ऐतिहासिक स्वास्थ्य सौगात, जैसीनगर में बनेगा 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल

सुरखी में स्वास्थ्य क्रांति की ओर बड़ा कदम, गोविंद सिंह राजपूत के प्रयासों से मिली नई सौगात

सागर उदय, सागर

सुरखी विधानसभा क्षेत्र की जनता को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के सतत प्रयासों, प्रभावी पहल और शासन स्तर पर निरंतर किए गए विशेष फॉलोअप के परिणामस्वरूप राज्य शासन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जैसीनगर का उन्नयन 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल के रूप में करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए लगभग 16 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। यह निर्णय न केवल सुरखी विधानसभा क्षेत्र बल्कि पूरे सागर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने वाला साबित होगा।

इस ऐतिहासिक निर्णय पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों तक भी शहरों जैसी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना का लगातार विस्तार किया जा रहा है और सुरखी विधानसभा क्षेत्र को मिली यह सौगात उसी जनकल्याणकारी सोच का परिणाम है।

मंत्री राजपूत ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते मेरी प्राथमिकता हमेशा यह रही है कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र के लोगों को उपचार के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े। इसी उद्देश्य से मैंने जैसीनगर अस्पताल के उन्नयन का विषय लगातार शासन के समक्ष प्रमुखता से रखा। आज सरकार ने इस महत्वपूर्ण मांग को स्वीकार कर क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत प्रदान की है। उन्होंने कहा कि यह केवल भवन निर्माण की परियोजना नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के जीवन से जुड़ा जनकल्याणकारी निर्णय है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन एवं सतत निगरानी में यह परियोजना शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण होगी, जिससे सुरखी विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण अंचलों के लाखों लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

अब स्थानीय स्तर पर मिलेगा विशेषज्ञ उपचार

50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल बनने के बाद जैसीनगर में चिकित्सा विशेषज्ञ, सर्जरी विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, सामान्य शल्य चिकित्सक, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, निश्चेतना विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजी विशेषज्ञ, पैथोलॉजी विशेषज्ञ, नाक, कान गला रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक, फिजियोथेरेपिस्ट, रेडियोग्राफर, नेत्र सहायक, ओटी तकनीशियन सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। इसके परिणामस्वरूप सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों, फ्रैक्चर, हड्डी एवं जोड़ संबंधी आॅपरेशन, जटिल प्रसूति मामलों, नवजात शिशुओं की गंभीर स्थितियों, शिशु रोगों तथा अन्य जटिल शल्य चिकित्सा संबंधी उपचार स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सकेंगे।

अब गंभीर मरीजों को छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए सागर, भोपाल अथवा अन्य बड़े अस्पतालों की ओर रेफर करने की आवश्यकता में काफी कमी आएगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों का समय, धन और अनावश्यक मानसिक एवं शारीरिक परेशानी बचेगी। साथ ही उच्च स्तरीय अस्पतालों पर पड़ने वाला अतिरिक्त दबाव भी कम होगा।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं होंगी और मजबूत

अस्पताल के उन्नयन के बाद सुरक्षित प्रसव, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं का उपचार, परिवार कल्याण सेवाएं, पीपीआईयूसीडी परामर्श, नवजात शिशु देखभाल, जन्म के तुरंत बाद स्तनपान की व्यवस्था, नियमित टीकाकरण, कमजोर एवं बीमार नवजात शिशुओं की समय पर पहचान एवं उपचार जैसी अत्यंत महत्वपूर्ण सेवाएं पहले से अधिक सुदृढ़ और सुलभ होंगी।

इससे मातृ मृत्यु दर, नवजात मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के प्रदेश सरकार के लक्ष्य को गति मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

सुरखी के समग्र विकास की दिशा में एक और उपलब्धि

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, विद्युत, खेल, धार्मिक स्थलों के विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। जैसीनगर अस्पताल का उन्नयन भी उसी विकास यात्रा की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनका दायित्व है और क्षेत्र के विकास के लिए वे आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास का सबसे महत्वपूर्ण आधार होता है। जब आम नागरिक को उसके घर के निकट गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध होता है, तभी उसका जीवन स्तर बेहतर बनता है और समाज मजबूत होता है।

सुरखी विधानसभा क्षेत्र की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को बधाई दी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। लोगों ने इसे सुरखी के विकास इतिहास में एक मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह निर्णय आने वाले वर्षों में लाखों लोगों के लिए जीवनदायी साबित होगा।

Leave a Reply

Related Post

एक पेड़ माँ के नाम अभियान : 1.20 लाख पौधे लगाने का संकल्प, प्रत्येक नागरिक बने अभियान का सहभागी : भूपेन्द्र सिंह
सागर। पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि खुरई विधानसभा क्षेत्र में…
सांसद संवाद केंद्र में जनसुनवाई के दौरान सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े ने सुनीं क्षेत्रवासियों की समस्याएं
अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश सागर उदय, सागरसागर सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े…
बी.के.पी. महाविद्यालय मालथौन में दो दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का शुभारंभ
सागर/मालथौन पं. बृजकिशोर पटैरिया महाविद्यालय मालथौन में नवीन प्रवेशित विद्यार्थियों हेतु दो दिवसीय दीक्षांरभ कार्यक्रम…

Discover more from

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading