निगमायुक्त ने राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक ली

सभी करों की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने तथा पुराने बकायादारों से लोक अदालत में राशि जमा कराने हेतु संपर्क करने के निर्देश

सागर उदय, सागर

नगर निगम आयुक्त  राजकुमार खत्री ने गुरुवार को नगर निगम के राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक लेकर वार्डवार राजस्व वसूली की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में राजस्व अधिकारी  बृजेश तिवारी सहित सभी राजस्व निरीक्षक, जोन प्रभारी एवं समस्त वार्डों के कर संग्राहक उपस्थित रहे।

निगमायुक्त ने बैठक में संपत्तिकर, जलकर, कचरा प्रबंधन शुल्क, दुकानों का किराया सहित नगर निगम के विभिन्न करों की वार्डवार स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार सभी करों की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित की जाए तथा बकाया राशि की वसूली के लिए नियमित रूप से संबंधित करदाताओं से संपर्क किया जाए।

उन्होंने विशेष रूप से पुराने एवं बड़े बकायादारों की सूची तैयारकर उनसे व्यक्तिगत रूप से संपर्क करने तथा शासन द्वारा आयोजित नेशनल लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने कहा कि पुराने बकायादारों को लोक अदालत में बकाया राशि जमा करने पर मिलने वाली नियमानुसार छूट की जानकारी देते हुए उन्हें समय पर राशि जमा करने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि नगर निगम की लंबित राजस्व राशि की वसूली हो सके।उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली नगर निगम के महत्वपूर्ण कार्यों में शामिल है। निगम की विभिन्न विकास योजनाओं, नागरिक सुविधाओं एवं आवश्यक सेवाओं के संचालन के लिए राजस्व की नियमित वसूली आवश्यक है। इसलिए सभी राजस्व निरीक्षक, जोन प्रभारी एवं कर संग्राहक अपने-अपने क्षेत्र में सक्रियता के साथ कार्य करते हुए वसूली की गति बढ़ाएं।उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड में बकायादारों से संपर्क, मांग पत्र की जानकारी एवं वसूली की दैनिक प्रगति पर निगरानी रखी जाए। लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं होने पर संबंधित क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक एवं कर संग्राहक की जिम्मेदारी तय की जाएगी। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगमायुक्त ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्य को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Related Post

Discover more from

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading