बंडा सहित देशभर के सेवा संकल्प यात्रियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया संवाद, यात्रियों से जाने उनके अनुभव

सेवा संकल्प यात्रा के माध्यम से देश की विविधता और संस्कृति को समझने का अवसर मिलता है : उप मुख्यमंत्री  राजेन्द्र शुक्ल

सागर उदय संवाददाता, सागर

सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से वडनगर जाने वाले सेवा संकल्प यात्रियों से संवाद किया, जिसमें बंडा से जुड़े सेवा संकल्प यात्री छत्तीसगढ़ निवासी  अमन अग्रहरे ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि नक्सल मुक्त हुए हमारे क्षेत्र में खुशहाली अब आई है। महिला सशक्तिकरण और विकास की बात साझा करते हुए उन्होंने सागर में महिला नेतृत्व की बात भी कही। उन्होंने सागर, रायसेन, आगरा, झांसी पहुंचे यात्रियों से संवाद किया और यात्रा के दौरान उनके अनुभव सहित उनके कुशल-मंगल की जानकारी ली।

सेवा संकल्प यात्रियों ने अपने यात्रा अनुभव साझा करते हुए बताया कि सेवा में आनंद का अनुभव मिल रहा है और उत्साह के साथ यात्रा आगे बढ़ रही है। यात्रा के दौरान शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों से संबंधित अपने संवाद को भी यात्रियों ने प्रधानमंत्री से साझा किया। उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत अभियान, आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि कैसे आयुष्मान भारत योजना के तहत एक बच्ची को कैंसर का उपचार मिला और उसके स्वस्थ होने की जानकारी दी। यात्रियों ने बताया कि देश में साफ-सफाई के प्रति जागरूकता और सफाई कर्मियों का सम्मान बढ़ा है तथा सड़क, अधोसंरचना, निर्माण एवं पीएम श्री स्कूलों का भी उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान युवाओं को शासकीय योजनाओं के संबंध में जागरूक करें एवं उन्हें अधिक से अधिक योजनाओं की जानकारी दें।

कार्यक्रम में उपस्थित यात्रियों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री  राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि आठ दिन की यात्रा पूर्ण कर नौवें दिन बण्डा में दो टोलियों का एक साथ आगमन हुआ है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने संबोधन के माध्यम से यात्रियों का उत्साहवर्धन किया और यात्रा के उद्देश्यों को पुन: स्थापित किया। उन्होंने कहा कि भारत जैसे विविधताओं से भरे देश को समझने के लिए एक कोने से दूसरे कोने तक यात्रा करना आवश्यक है। इससे देश की संस्कृति, सभ्यता और विविधता के आदान-प्रदान के साथ एकजुटता की भावना मजबूत होती है। वाराणसी से वडनगर और वडनगर से वाराणसी की यह यात्रा युवाओं को देश को समझने, विकास की दिशा तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और उनके लाभार्थियों से संवाद एवं फीडबैक लेने का अवसर प्रदान कर रही है।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी स्वयं यात्रियों से फीडबैक लेकर योजनाओं के प्रभाव की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की कार्यशैली और सूक्ष्मता से कार्य करने का परिणाम है कि देश निरंतर आगे बढ़ रहा है और वैश्विक स्तर पर भारत की साख मजबूत हुई है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की मूलभूत आवश्यकताओं का समाधान होने तक कार्य को पूर्ण नहीं माना जाना चाहिए। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में इसी भावना के साथ गरीबों के कल्याण, देश की सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और विश्व स्तरीय अधोसंरचना के विकास के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है और सेवा संकल्प यात्रा इसी भावना की झलक प्रस्तुत करती है।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने सेवा संकल्प यात्रा के यात्रियों का सम्मान किया। उन्होंने यात्रियों से आत्मीयता से चर्चा कर यात्रा के अनुभवों की जानकारी ली और सभी का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर दमोह सांसद  राहुल लोधी, बंडा विधायक  वीरेन्द्र सिंह, जिलाध्यक्ष श्रीमती रानी कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष  शैलेन्द्र सिंह ,  रुपेश रोशन खरे ,  नीतेश जैन ,  प्रभुदयाल राठौर ,  लोकेंद्र सिंह ,  आयुष्य पांडे , कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक  अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत सीईओ  जगदीश कुमार गोमे, अपर कलेक्टर  अविनाश रावत, एसडीएम  संजय जैन , तहसीलदार मोहित जैन सहित बड़ी संख्या में हितग्राही महिलाएं, आमजन एवं अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

मंत्री श्री शुक्ल ने सांदीपनि विद्यालय बंडा में पौधरोपण किया

उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री  राजेन्द्र शुक्ल , सांसद  राहुल सिंह लोधी , विधायक  वीरेंद्र सिंह सहित सेवा संकल्प यात्रियों द्वारा सांदीपनि विद्यालय बंडा में पौधरोपण किया गया। तत्पश्चात सेवा संकल्प यात्रा ने रूट क्रमांक 18 के अंतर्गत बांदरी तथा रूट क्रमांक 19 के अंतर्गत जरूआखेड़ा के लिए प्रस्थान किया।

Leave a Reply

Related Post

प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है  : पूर्व मंत्री, विधायक  भूपेन्द्र सिंह
सागर/खुरई/बांदरी। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर सेवा काल के…
सुरखी को 16 करोड़ की ऐतिहासिक स्वास्थ्य सौगात, जैसीनगर में बनेगा 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल
सुरखी में स्वास्थ्य क्रांति की ओर बड़ा कदम, गोविंद सिंह राजपूत के प्रयासों से मिली…

Discover more from

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading