👁 कुल विजिटर: 30,154
f 𝕏 ➤

ब्रह्मचर्य केवल कुशील पाप का त्याग नहीं, पांचों इंद्रियों के विषयों से विरक्ति भी आवश्यक : सचिन शास्त्री

बीना। तारण तरण दिगंबर जैन चैत्यालय में चल रहे दश लक्षण पर्व के अंतिम दिवस उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म पर धर्मसभा का आयोजन किया गया। धर्मसभा को संबोधित करते हुए पंडित सचिन शास्त्री ने उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म की व्याख्या करते हुए कहा कि ब्रह्म अर्थात आत्मा और चर्य अर्थात उसमें लीनता। सम्यक दर्शनपूर्वक कुशील पाप का त्याग कर अपनी आत्मा में लीन होना और आत्मस्वरूप में रमण करना ही उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म है।

ब्रह्मचर्य दस धर्मों का सार है, क्योंकि आत्मा में लीनता ही मनुष्य को परमात्मा बनने की दिशा में ले जाती है। केवल कुशील पाप का त्याग कर देना ही ब्रह्मचर्य नहीं है, बल्कि पांचों इंद्रियों के समस्त विषयों से विरक्ति और आत्मस्वरूप में स्थिर होना भी ब्रह्मचर्य धर्म का महत्वपूर्ण अंग है। जब मनुष्य बाहरी विषयों से अपना मोह हटाकर अपनी आत्मा की ओर प्रवृत्त होता है, तभी उसके जीवन में वास्तविक संयम और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।

ब्रह्मचर्य केवल साधु-संतों के लिए ही नहीं है। गृहस्थ जीवन का पालन करते हुए भी व्यक्ति ब्रह्मचर्य के सिद्धांतों को अपने जीवन में उतार सकता है। उन्होंने जैन परंपरा के उदाहरण देते हुए कहा कि जम्मू स्वामी, सुदर्शन सेठ, सती सीता और सती द्रौपदी आदि ने गृहस्थ धर्म का पालन करते हुए भी ब्रह्मचर्य धर्म के आदर्शों को अपनाया और अपने जीवन को धर्म एवं आत्मकल्याण की दिशा में आगे बढ़ाया।

गृहस्थ के लिए स्वदारा संतोष का व्रत और ब्रह्मचर्य के नियमों का पालन जीवन में संयम और मयार्दा स्थापित करता है। व्यक्ति यदि अपनी इच्छाओं पर नियंत्रण रखे, इंद्रियों के विषयों के प्रति आसक्ति कम करे और जीवन में नैतिक मूल्यों को महत्व दे तो परिवार और समाज दोनों में सकारात्मक वातावरण निर्मित हो सकता है।वर्तमान समय में भौतिक सुख-सुविधाओं की बढ़ती चाह और विषयों के प्रति अत्यधिक आकर्षण के कारण मनुष्य मानसिक अशांति का अनुभव कर रहा है। ऐसे समय में संयम, मयार्दा और आत्मनियंत्रण का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी सम्मान, पारिवारिक मयार्दा और आत्मसंयम को सदैव विशेष महत्व दिया गया है। इन मूल्यों को जीवन में अपनाने से सामाजिक वातावरण को बेहतर बनाने में सहायता मिल सकती है।

उन्होंने कहा कि आकिंचन्य धर्म हमें यह बोध कराता है कि अपनी आत्मा के अतिरिक्त वास्तव में मेरा कुछ भी नहीं है। जब व्यक्ति बाहरी वस्तुओं और परिग्रह के प्रति ममत्व भाव को छोड़कर भीतर से रिक्त होता है, तब उसी आत्मस्वरूप में लीन होने की आवश्यकता होती है। यही आत्मलीनता उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म का वास्तविक स्वरूप है। ब्रह्मचर्य केवल व्यक्तिगत आत्मकल्याण का साधन नहीं, बल्कि आत्मिक विकास और सुख-शांति की आधारशिला भी है। मनुष्य अपनी इंद्रियों और इच्छाओं पर नियंत्रण करना सीखता है तो उसके विचारों में स्थिरता आती है और जीवन में संयम बढ़ता है। उन्होंने धर्मसभा में उपस्थित श्रद्धालुओं से ब्रह्मचर्य धर्म के मूल भाव को समझकर उसे अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि दश लक्षण पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठानों का पर्व नहीं है, बल्कि आत्मनिरीक्षण और जीवन में सुधार का अवसर भी है। इन दस धर्मों के माध्यम से मनुष्य अपने भीतर के विकारों को पहचानकर उन्हें दूर करने का प्रयास करता है। उत्तम ब्रह्मचर्य इसी आत्मशुद्धि की यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। आत्मा में लीनता, इंद्रिय संयम और विषयों से विरक्ति के माध्यम से मनुष्य अपने जीवन को आध्यात्मिक उन्नति की ओर ले जा सकता है।

Leave a Reply

Related Post

12 सितंबर को आयोजित नेशनल लोक अदालत में नगर निगम के बकाया संपत्तिकर एवं जलकर के अधिभार में मिलेगी विशेष छूट
सागर उदय, सागर शासन के निदेर्शानुसार शनिवार 12 सितंबर को आयोजित होने वाली नेशनल लोक…