स्वच्छ भारत दिवस पर सागर में चला विशेष स्वच्छता अभियान, सफाई मित्रों का किया गया सम्मान
Sagar Uday >> सागर>> स्वच्छ भारत दिवस पर सागर में चला विशेष स्वच्छता अभियान, सफाई मित्रों का किया गया सम्मान
स्वच्छ भारत दिवस पर सागर में चला विशेष स्वच्छता अभियान, सफाई मित्रों का किया गया सम्मान
सागर उदय संवाददाता, सागर
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को स्वच्छ भारत दिवस मनाया गया। इस अवसर पर सागर शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर के सभी 48 वार्डों में जनप्रतिनिधियों, नागरिकों एवं सफाई मित्रों ने मिलकर साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया। विभिन्न स्थानों पर सफाई अभियान के साथ सफाई मित्रों के सम्मान सहित अनेक स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं।
सागर के डॉ. हरिसिंह गौर बस स्टैंड परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार और नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल हुए। सभी ने बस स्टैंड गेट के सामने से दीनदयाल चौक तक सड़क मार्ग पर झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। दीनदयाल चौक स्थित रोटरी पर दीनदयाल जी की प्रतिमा के आसपास भी साफ-सफाई की गई तथा एकत्र कचरे को डस्टबिन एवं कचरा संग्रहण वाहन में डलवाया गया।
कार्यक्रम के दौरान सांसद श्रीमती लता वानखेड़े ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। वहीं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नमो सेवा अनकही कहानियां का मंचन किया गया, जिसमें सेवा एवं विकास से जुड़े विभिन्न विषयों को प्रस्तुत किया गया। निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री ने अतिथियों का तुलसी का पौधा भेंट कर स्वागत किया।
सफाई मित्र शहर की स्वच्छता की पहचान : लता वानखेड़े
सांसद श्रीमती लता वानखेड़े ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छता संदेश को आत्मसात करते हुए हम सभी को अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने का निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर की स्वच्छता और सुंदरता में सफाई मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शहर में प्रवेश करते ही दिखाई देने वाली स्वच्छता उसकी अलग पहचान बनाती है। इसके लिए सभी सफाई मित्र अभिनंदन और सम्मान के पात्र हैं।
उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गांधी जयंती के अवसर पर सागर में वृहद स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने ह्यसेवा ही समर्पण, सेवा ही संकल्प और सेवा ही विकसित भारत का आधारह्ण का मूल मंत्र दिया है। आज स्वच्छता दीदियों और भाइयों का सम्मान कर हम सभी प्रसन्नता का अनुभव कर रहे हैं।
सफाई मित्र स्वास्थ्य और सुरक्षा का रखें ध्यान : कलेक्टर
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने गांधी जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने का संदेश दिया था। उनके विचारों और मार्गदर्शन का पालन करते हुए हमें अपने परिवेश को स्वच्छ रखने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने सफाई मित्रों से कहा कि वे शहर की स्वच्छता की मुख्य धारा हैं, इसलिए अपने स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र सुबह सूर्योदय से पहले अपने कार्यस्थलों पर पहुंचकर सफाई में जुट जाते हैं। ऐसे में उन्हें अपना भोजन साथ लेकर जाना चाहिए और बाहरी खाद्य पदार्थों के सेवन से बचना चाहिए। घर का स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन स्वास्थ्य के लिए बेहतर है। कलेक्टर ने कहा कि उन्होंने कई बार सुबह के समय शहर का निरीक्षण किया और पाया कि सफाई मित्र उनसे पहले ही अपने कार्यक्षेत्र में सफाई के लिए पहुंच चुके होते हैं। उन्होंने सफाई मित्रों से अपने बच्चों की शिक्षा पर भी विशेष ध्यान देने का आग्रह किया, ताकि वे अपने अधूरे सपनों को बच्चों के माध्यम से पूरा होते देख सकें।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान से समाज का हर वर्ग जुड़ रहा है। सफाई मित्र पूरे शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभाते हैं, इसलिए उनका सम्मान और उनकी आवश्यकताओं की पूर्ति प्राथमिकता से की जानी चाहिए।
सेवा कार्यों में सहभागिता का लें संकल्प : श्याम तिवारी
भाजपा जिला अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज स्वच्छता अभियान के साथ सफाई मित्रों का सम्मान किया गया।
उन्होंने कहा कि सफाई मित्र समाज को स्वच्छता के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आज जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन को सफाई मित्रों के सम्मान का अवसर मिला है, जो प्रसन्नता का विषय है।
श्री तिवारी ने कहा कि हम सभी को समाजसेवा के किसी न किसी कार्य से जुड़ने का संकल्प लेना चाहिए। रक्तदान, वृद्धजनों की सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण जैसे कार्यों में सहभागिता कर समाज के विकास में योगदान दिया जा सकता है।
सफाई मित्रों का सम्मान पूरे शहर का सम्मान : महापौर
महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर हमें उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेना चाहिए। महात्मा गांधी ने स्वयं सफाई करके देशवासियों को स्वच्छता का संदेश दिया था।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में प्रस्तुत ह्यनमो सेवा अनकही कहानियांह्ण नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों एवं सेवा गतिविधियों का सुंदर और प्रेरक प्रस्तुतीकरण किया गया।
महापौर ने कहा कि सागर के सफाई मित्रों का सम्मान केवल जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन या नगर निगम की ओर से किया गया सम्मान नहीं है, बल्कि यह पूरे सागर शहर की ओर से उनके समर्पण और सेवा का सम्मान है। सभी के सामूहिक प्रयासों से सागर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का कार्य जारी रहेगा।
सफाई मित्रों के समर्पण से स्वच्छ हो रहा सागर : वृंदावन अहिरवार
नगर निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर निगम द्वारा स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सफाई मित्र प्रतिदिन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। उनके प्रयासों से सागर शहर स्वच्छ और सुंदर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई मित्रों का सम्मान उनके समर्पण और सेवा के प्रति सम्मान है।
सफाई मित्र शहर की स्वच्छता की रीढ़ : राजकुमार खत्री
नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री ने सुबह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सफाई मित्रों को ससम्मान पगड़ी पहनाई तथा उन्हें वितरित किए जाने वाले प्रमाण-पत्र एवं स्वच्छता सामग्री किट का अवलोकन किया।
उन्होंने कहा कि सफाई मित्र शहर की स्वच्छता की रीढ़ हैं। जिस प्रकार शरीर को मजबूती से खड़ा रखने में रीढ़ की हड्डी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, उसी प्रकार शहर को स्वच्छ रखने में सफाई मित्रों का योगदान महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में अतिथियों के माध्यम से सफाई मित्रों को प्रमाण-पत्र एवं स्वच्छता सामग्री किट वितरित की गईं। निगमायुक्त ने सभी सफाई मित्रों को उत्कृष्ट कार्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए अपने-अपने कार्यक्षेत्र में और बेहतर कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सभी ने स्वच्छता का संकल्प लिया और ह्यस्वच्छता में सागर नंबर-1 बनेगाह्ण का संदेश दिया। कार्यक्रम में सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, नगर निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार, नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट श्री रिशांक तिवारी, एल्डरमैन श्रीमती आशालता सिलाहकारी, एमआईसी सदस्य श्रीमती संगीता शैलेष जैन एवं श्री धर्मेंद्र गुड्डा खटीक, पार्षद श्रीमती रूबी कृष्ण कुमार पटेल, श्री मनीष चौबे, श्री विक्रम सोनी एवं श्री विशाल खटीक सहित अन्य जनप्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Related
Related Post
- November 9, 2026 • 👁 65
- by Sagar Uday
- 0
- 9:37 pm
तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से कार सवार 4 लोगों की मौत, 5 घायल, अमावस्या पर बरमान में नर्मदा स्नान करने जा रहा था परिवार
सागर उदयसागर में सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को सामने से टक्कर…
- November 10, 2026 • 👁 12
- by Sagar Uday
- 0
- 9:12 pm
