👁 कुल विजिटर: 16,165
f 𝕏 ➤

नगर निगम एवं यातायात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, तीनबत्ती से कटरा मस्जिद तक सड़क किनारे खड़े चार पहिया वाहनों को क्रेन से हटवाया

सड़क पर वाहन खड़े मिलने पर होगी चालानी एवं वैधानिक कार्रवाई : निगमायुक्त

सागर उदय संवाददाता, सागर

कटरा बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और बार-बार लगने वाले जाम से नागरिकों को राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई। इस दौरान तीनबत्ती से कटरा मस्जिद तक सड़क के दोनों ओर खड़े चारपहिया वाहनों को क्रेन की सहायता से हटवाया गया, ताकि सड़क पर यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके और नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।

कार्रवाई के दौरान कटरा बाजार क्षेत्र में अनाउंसमेंट कर वाहन मालिकों को सूचित किया गया कि वे अपने चारपहिया वाहन सड़क के दोनों ओर खड़े न करें तथा निर्धारित स्थान पर पार्किंग की व्यवस्था करें। सड़क पर स्थायी रुप से खड़े वाहनों के कारण यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति निर्मित होती है, जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों एवं बाजार आने वाले ग्राहकों को असुविधा होती है।

पद्माकर स्कूल में नि:शुल्क पार्किंग की व्यवस्था

नगर निगम द्वारा वाहन मालिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नमकमंडी स्थित पद्माकर स्कूल परिसर में चारपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए अस्थायी नि:शुल्क व्यवस्था की गई है। वाहन मालिक अपने वाहन यहां सुरक्षित रूप से खड़े कर सकते हैं। 

निगमायुक्त ने वाहन मालिकों से  अपील की

नगर निगम आयुक्त  राजकुमार खत्री ने कटरा बाजार क्षेत्र के सभी वाहन मालिकों से अपील की है कि वे शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में नगर निगम एवं यातायात पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि कटरा बाजार शहर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक खरीदारी एवं अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क पर चारपहिया वाहन खड़े होने से यातायात प्रभावित होता है।

उन्होंने वाहन मालिकों से आग्रह किया कि वे अपने वाहन सड़क पर खड़े करने के बजाय नमकमंडी स्थित पद्माकर स्कूल में बनाई गई अस्थायी नि:शुल्क पार्किंग का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि समझाइश के बाद भी यदि कटरा बाजार क्षेत्र की सड़कों पर चारपहिया वाहन खड़े पाए जाते हैं, तो संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई के साथ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसी स्थिति में वाहन मालिक स्वयं जिम्मेदार होंगे।

Leave a Reply

Related Post

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का सागर में भव्य स्वागत, न्याय योद्धा के स्वागत में उमड़े कांग्रेसी
सागर उदय संवाददाता, सागर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के यशस्वी अध्यक्ष जीतू पटवारी का पन्ना…