👁 कुल विजिटर: 30,172
f 𝕏 ➤

अमित यादव बने एबीवीपी विश्वविद्यालय इकाई के अध्यक्ष, सुदीप तिवारी को मिली मंत्री की जिम्मेदारी

रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय की नवीन कार्यकारिणी घोषित, सुमित भगत ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण एवं छात्रहितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का किया आह्वान

सागरउदय संवाददाता, सागर

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय इकाई की नवीन कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसमें अमित यादव को इकाई अध्यक्ष एवं सुदीप तिवारी को इकाई मंत्री का दायित्व सौंपा गया। कार्यकारिणी घोषणा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सागर विभाग संगठन मंत्री सुमित भगत ने युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका पर विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने और छात्रहितों के लिए सक्रिय रहने का आह्वान किया।

सुमित भगत ने ‘जेन-जी और राष्ट्र निर्माण में युवा पीढ़ी की भूमिका’ विषय पर कहा कि वर्तमान पीढ़ी के पास ज्ञान, तकनीक, नवाचार और अभिव्यक्ति के असीमित अवसर हैं। युवाओं को अपनी बौद्धिक क्षमता एवं ऊर्जा का उपयोग केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों तक सीमित न रखते हुए समाज और राष्ट्र के व्यापक हित में करना चाहिए। युवा किसी भी राष्ट्र की चेतना, सामर्थ्य और परिवर्तन के प्रमुख वाहक होते हैं। विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों में राष्ट्रबोध, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नेतृत्व के गुण विकसित करने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर को केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे वैचारिक जागरण, रचनात्मक पहल और छात्रहितों से जुड़े कार्यों का केंद्र बनाना आवश्यक है। प्रत्येक कार्यकर्ता विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं के समाधान तथा सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करे।

नवीन कार्यकारिणी में इन्हें मिली जिम्मेदारी

इकाई अध्यक्ष अमित यादव एवं इकाई मंत्री सुदीप तिवारी बनाए गए। उपाध्यक्ष के रूप में अंश यादव, अनुज तिवारी, अनिता पटेल, अंकित कुर्मी एवं जागेश कुशवाहा को जिम्मेदारी दी गई। वहीं सहमंत्री के रूप में अक्षत ताम्रकर, जगदीश आठ्या, रोहित साहू एवं राजवीर सिंह को दायित्व सौंपा गया।

आयाम एवं विभागीय दायित्वों में एसएफडी का दायित्व अनिरुद्ध सिंह, एसएफएस का सुमित कुर्मी, खेलो भारत का अनुराग ठाकुर, सोशल मीडिया का सुमित कुर्मी, विधि विभाग का शैलेश चौरसिया एवं हरिओम प्यासी तथा एग्रीकल्चर विभाग का दायित्व आदर्श को दिया गया। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में चंदन सिंह, अभिजीत सिंह, सम्राट सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल किए गए।

कार्यक्रम में जिला संयोजक आदित्य घोषी, प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक विवेक खरे, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य आशुतोष, संजय भट्ट, आयुष मिश्रा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नवीन कार्यकारिणी ने विश्वविद्यालय परिसर में छात्रहितों की रक्षा, शैक्षणिक गुणवत्ता के उन्नयन, भारतीय ज्ञान परंपरा के संवर्धन तथा विद्यार्थियों के बीच सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए संगठित होकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Related Post