स्वच्छ सर्वेक्षण प्रतियोगिता में देशभर में सागर को तीसरा स्थान मिलने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निगमायुक्त राजकुमार खत्री को दी बधाई
Sagar Uday >> सागर>> स्वच्छ सर्वेक्षण प्रतियोगिता में देशभर में सागर को तीसरा स्थान मिलने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निगमायुक्त राजकुमार खत्री को दी बधाई
स्वच्छ सर्वेक्षण प्रतियोगिता में देशभर में सागर को तीसरा स्थान मिलने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निगमायुक्त राजकुमार खत्री को दी बधाई
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी दी निगमायुक्त राजकुमार खत्री को बधाई, सागर में स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों की सराहना की
सागर उदय संवाददाता, सागर
स्वच्छ सर्वेक्षण प्रतियोगिता 2025-26 में नगर निगम सागर द्वारा देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त करने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने निगमायुक्त राजकुमार खत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सागर को मिली इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए निगमायुक्त को बधाई दी।
उल्लेखनीय है कि 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने स्वच्छ सर्वेक्षण प्रतियोगिता 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नगर निगम सागर को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया। 50 हजार से 3 लाख तक की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में सागर ने देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
इस अवसर पर निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को सागर की स्वच्छता यात्रा और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम सागर ने स्वच्छ सर्वेक्षण में निरंतर बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार किया है। एक समय 70वीं रैंक पर रहे सागर ने बेहतर कार्ययोजना, प्रभावी सफाई व्यवस्था, निरंतर नवाचारों एवं नागरिकों की सहभागिता से पिछले वर्ष देश में दसवां स्थान प्राप्त किया था। इस वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सागर ने देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सागर नगर निगम द्वारा स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, शहर के सौंदर्यीकरण एवं नागरिकों की जनभागीदारी के क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि शहर के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने इस सफलता के लिए निगमायुक्त सहित नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों, सफाई मित्रों एवं सागरवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी सागर की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर निगम द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी स्वच्छता के क्षेत्र में इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त इस सम्मान से सागर की स्वच्छता एवं विकास यात्रा को नई पहचान मिली है।
Related
Related Post
- October 21, 2026 • 👁 12
- by Sagar Uday
- 0
- 9:01 pm
खुरई के ग्राम मुड़िया में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन
खुरई। ग्राम मुड़िया में युवाओं के साथ सामाजिक और युवा हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण…
- November 16, 2026 • 👁 10
- by Sagar Uday
- 0
- 8:56 pm
