👁 कुल विजिटर: 34,808
f 𝕏 ➤

श्रीराम कथा के श्रवण से मिलता है जीवन को संस्कार, भक्ति और मयार्दा का संदेश : गोविंद सिंह राजपूत

37वें श्री रामचरितमानस सम्मेलन के द्वितीय दिवस देव वृंदावन बाग मंदिर पहुंचे खाद्य मंत्री, प्रभु श्रीराम के दर्शन कर संत-महात्माओं का लिया आशीर्वाद, मानस मर्मज्ञ संतों के श्रीमुख से किया रामकथा का श्रवण

सागर उदय संवाददाता, सागर

धर्म, अध्यात्म और भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित 37वें श्री रामचरितमानस सम्मेलन के द्वितीय दिवस खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत श्री देव वृंदावन बाग मंदिर पहुंचे। यहां मंदिर के महंत पूज्य श्री श्री नरहरिदास जी महाराज के परम सानिध्य में आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन में उन्होंने सर्वप्रथम प्रभु श्रीराम के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और कल्याण की कामना करते हुए प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर मंत्री श्री राजपूत ने मानस मर्मज्ञ श्रीमद् जगद्गुरु बालक देवाचार्य जी महाराज (काशी-बनारस), साध्वी प्रेमलता मिश्रा जी (काशी-बनारस) एवं श्री रामानुजाचार्य जी महाराज (वृंदावन) के श्रीमुख से प्रवाहित हो रही श्रीराम कथा का श्रद्धापूर्वक श्रवण किया। संतों द्वारा रामचरितमानस के प्रसंगों की भावपूर्ण एवं रसपूर्ण व्याख्या ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्ति और आध्यात्मिकता के वातावरण से सराबोर कर दिया।

रामचरितमानस भारतीय संस्कृति और संस्कारों का आधार

श्रीरामचरितमानस केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि भारतीय जीवन दर्शन, आदर्श परिवार, सामाजिक समरसता, त्याग, तपस्या, सेवा और कर्तव्यनिष्ठा का अनुपम संदेश देने वाला महान ग्रंथ है। भगवान श्रीराम का संपूर्ण जीवन हमें मयार्दा, विनम्रता, धैर्य, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। रामचरितमानस के प्रत्येक प्रसंग में मानव जीवन को बेहतर बनाने और समाज में नैतिक मूल्यों की स्थापना करने का संदेश समाहित है।

संतों के सानिध्य से मिलता है आध्यात्मिक मार्गदर्शन

37वें श्री रामचरितमानस सम्मेलन का आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। देश के विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक क्षेत्रों से पधारे संत-महात्माओं के श्रीमुख से रामकथा का श्रवण करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत की इस धार्मिक आयोजन में उपस्थिति ने संत-महात्माओं के प्रति उनकी श्रद्धा और भारतीय धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान को अभिव्यक्त किया। उन्होंने संतों का आशीर्वाद प्राप्त कर सम्मेलन में आध्यात्मिक पुण्य लाभ अर्जित किया।

धर्म और संस्कृति के संरक्षण में ऐसे आयोजनों की अहम भूमिका

श्रीरामचरितमानस सम्मेलन जैसे धार्मिक आयोजन हमारी आने वाली पीढ़ियों को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और भगवान श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने का कार्य करते हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में सद्भाव, नैतिकता, सेवा और परस्पर प्रेम की भावना मजबूत होती है। साथ ही संतों के विचारों और प्रवचनों से जीवन को सही दिशा देने की प्रेरणा मिलती है।

Leave a Reply

Related Post