👁 कुल विजिटर: 36,041
f 𝕏 ➤

गोपाल वाटिका जनता की धरोहर, इसकी सुंदरता और व्यवस्था बनाए रखना नागरिकों की जिम्मेदारी: भार्गव

120 लाख रुपए की लागत से बने वातानुकूलित शादी घर का लोकार्पण

रहली। नगर में सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए एक नई सुविधा की शुरूआत हुई है। नगर पालिका परिषद द्वारा चांदपुर चौराहे पर 120 लाख रुपए की लागत से तैयार वातानुकूलित एवं सर्वसुविधायुक्त गोपाल वाटिका का रविवार को विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. गोपाल भार्गव ने लोकार्पण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष देवराज सोनी ने की। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्नेह भोज का आयोजन भी हुआ।

लोकार्पण समारोह में विधायक भार्गव ने कहा कि पद आते-जाते रहते हैं, नगर पालिका में अध्यक्ष और पार्षद बदलते हैं, विधायक और मंत्री का पद भी स्थायी नहीं है। लेकिन यह भवन जनता की धरोहर है और जनता को ही समर्पित किया गया है। उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि आज जिस स्थिति में इसका लोकार्पण किया गया है, दो-चार साल बाद भी यह इसी तरह व्यवस्थित और सुंदर बना रहे। यदि नागरिक इसका संरक्षण करते हैं तो यह उनकी जागरूकता और सांस्कृतिक सोच का परिचय होगा। उन्होंने कहा कि रहली में नया शादी घर और नगर पालिका भवन भी बन रहा है। इसके साथ ही 800 लोगों की बैठक क्षमता वाला पूर्णत: वातानुकूलित आॅडिटोरियम तैयार कराया जा रहा है। इसमें फिल्म प्रदर्शन के लिए मशीन भी लगाई जाएगी, जिससे नगरवासियों को आॅडिटोरियम के साथ टॉकीज की सुविधा भी मिलेगी। इसे जल्द जनता को समर्पित किया जाएगा।

नगरपालिका अध्यक्ष देवराज सोनी ने अपने संबोधन कहा मुझे पद की नाममात्र की भी चाह नहीं है। यदि कोई मुझे या मेरी परिषद को गलत साबित कर दे अथवा भ्रष्टाचार साबित कर दे, तो मैं एक मिनट में अपने पद से इस्तीफा दे दूंगा। अध्यक्ष ने कहा कि वे एक बेहद साधारण परिवार से आते हैं। रहली की जनता ने एक सामान्य व्यक्ति को नगरपालिका के सबसे महत्वपूर्ण पद पर बैठाया है। यह उनके लिए पद और प्रतिष्ठा से अधिक जनता के विश्वास और जिम्मेदारी का विषय है। जनता ने जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरना ही उनका उद्देश्य है।  नगरपालिका अध्यक्ष का चुनाव रहली नगर को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ लड़ा था। आज नगरवासियों को शुद्ध पानी उपलब्ध कराया जा रहा है और रहली के पानी का टीडीएस 250 से कम है। उन्होंने कहा कि एक साधारण परिवार से निकलकर नगर की जिम्मेदारी संभालना उनके लिए जनता के आशीर्वाद का परिणाम है।

कार्यक्रम में नपा उपाध्यक्ष ठलू माते, सीएमओ धनंजय गुमास्ता, थाना प्रभारी संजय ऋषिश्वर, पार्षद सुरेश घोषी, अमित नायक, मंडल अध्यक्ष महेश यादव, राकेश जैन, शैलेंद्र सोनी, इंजीनियर शिवराम साहू, पार्षद दीपक पटेल, मोर्चा अध्यक्ष विक्की भारद्वाज, विक्रम सिंह राजपूत,सफाई दरोगा महेश ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि एवं नगरवासी मौजूद रहे। संचालन मनोज जैन ने किया।

Leave a Reply

Related Post

राज्य स्तरीय शालेय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में ग्रेटमेन स्कूल की छात्रों ने जीता कांस्य पदक
सागर उदय, सागर मध्यप्रदेश शिक्षा विभाग द्वारा ग्वालियर मध्यप्रदेश में 01 से 04 नवम्बर 2026…
ग्रेटमेन इंटरनेशनल स्कूल में साइंस एग्जीबिशन एवं सस्टेनेबिलिटी प्रदर्शनी का आयोजन
सागर उदय संवाददाता, सागर ग्रेटमेन इंटरनेशनल स्कूल में वार्षिक कला, विज्ञान एवं सततता प्रदर्शनी का…