👁 कुल विजिटर: 30,168
f 𝕏 ➤

संस्कारों की पाठशाला में प्रतिभाओं का उत्सव, विधायक लारिया की उपस्थिति में सांस्कृतिक महोत्सव का समापन

सागर उदय, सागर

 नरयावली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद करार्पुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित सांस्कृतिक महोत्सव का समापन समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

महोत्सव में शाहगढ़, बंडा, करार्पुर, मकरोनिया, रहली एवं गढ़ाकोटा के सरस्वती शिशु मंदिरों से लगभग 30-30 विद्यार्थियों ने सहभागिता करते हुए विभिन्न बौद्धिक एवं रचनात्मक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। गायन, वादन, मानस पाठ, गीता पाठ, निबंध लेखन, मूर्तिकला एवं चित्रकला सहित अनेक विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को वरीयता क्रम में पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कारों की जीवंत झलक प्रस्तुत की। प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमुदाय को भाव-विभोर किया और वातावरण को सांस्कृतिक चेतना से सराबोर कर दिया।

इस अवसर पर विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर केवल शिक्षा प्रदान करने वाले विद्यालय नहीं, बल्कि ज्ञान के साथ संस्कार, संस्कृति, अनुशासन और राष्ट्रभावना का निर्माण करने वाली संस्थाएं हैं। यहां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए भारतीय जीवन-मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना से जोड़ा जाता है। यही संस्कार आगे चलकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि विभिन्न विधाओं में विद्यार्थियों की सहभागिता यह दशार्ती है कि हर बालक के भीतर एक विशिष्ट प्रतिभा होती है, जिसे अवसर, मार्गदर्शन और संस्कारों से निखारा जा सकता है। आज के ये विद्यार्थी ही कल समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपने ज्ञान, प्रतिभा और चरित्र से देश का गौरव बढ़ाएंगे।

समापन अवसर पर विद्यार्थियों को मिले प्रोत्साहन और सम्मान ने उनके उत्साह को नई ऊर्जा दी। सरस्वती शिशु मंदिर का यह सांस्कृतिक महोत्सव प्रतियोगिता से आगे बढ़कर प्रतिभा, संस्कार और संस्कृति के सुंदर संगम का साक्षी बना।

इस अवसर पर गोविंद सिंह ठाकुर,विनोद तिवारी, नीलेश पटवा, चंदन जैन, भानु प्रताप सिंह, शैलेंद्र सिंह, लोकेंद्र सिंह,भरत घोसी, कमलेश पटेल, यशपाल राठौर, केदार सिंह, राहुल तिवारी, श्रीमती विनीता राजपूत, श्रीमती प्रमिला परिहार, प्राचार्य संदीप मिश्रा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, अभिभावक, आचार्यगण एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Related Post

Post Image
वैशाली नगर कॉलोनी में सड़क निर्माण की मांग को लेकर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन को सौंपा ज्ञापन
सागर उदय संवाददाता, सागर शिवाजी वार्ड स्थित वैशाली नगर कॉलोनी के निवासियों ने सड़क निर्माण…