प्रदेश में दोगुना करेंगे मत्स्य उत्पादन : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
>> मध्य प्रदेश>> प्रदेश में दोगुना करेंगे मत्स्य उत्पादन : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
प्रदेश में दोगुना करेंगे मत्स्य उत्पादन : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नई एकीकृत मत्स्योद्योग नीति-2026 में यह प्रावधान किया है कि प्रदेश का मत्स्य उत्पादन हम जल्द से जल्द दोगुना कर देंगे। इससे मत्स्य उत्पादकों, विक्रेताओं, मत्स्य परिवहनकतार्ओं और मछली पालन से जुड़े सभी मत्स्यपालकों को सीधा लाभ मिलेगा। राज्य सरकार मध्यप्रदेश में नई नीली क्रांति लाने के लिए तैयार है। मप्र की जल सम्पदा को निवेश, नवाचार और निर्यात से जोड़कर हम मध्यप्रदेश को मत्स्य पालन के मामले में देश का अग्रणी केन्द्र बनाएंगे। मध्यप्रदेश में उपलब्ध अथाह जलराशि का बेहतर सप्रबंधन कर जलचरों का संरक्षण भी कर रहे हैं। मध्यप्रदेश नदियों का मायका है। यहां कई बड़ी जल संरचनाएं मौजूद हैं। मध्यप्रदेश में उपलब्ध जल स्रोतों को बहु आय जलस्रोत बनाने जा रहे हैं। एक जल स्रोत से लोगों को पीने का पानी, किसानों को खेती के लिए पानी, पशुपालकों को पशुओं के लिए पानी, मछली उत्पादन, जल पर्यटन सहित जलीय जीवों को भी संरक्षण मिलता है। किसानों और मत्स्य पालकों दोनों की आर्थिक स्थिति हालत सुधारने के लिए राज्य सरकार इस दिशा में ठोस काम कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय सभागार में आ?ोजित नेशनल फिशरीज इन्वेस्टर्स एंड एक्सपोर्टर्स कान्क्लेव-2026 में आए प्रतिभागियों को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नई नीति अतंर्गत प्रदेश में 1 लाख नए केज कल्चर स्थापित करने का लक्ष्य लिया है। प्रदेश के संरक्षित वन क्षेत्रों में भी बड़े तालाब निर्मित करेंगे, ताकि वन्य जीवों के साथ-साथ इन तालाबों का लाभ मत्स्यपालकों को भी मिले। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह और केन्द्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल के साथ इस कॉन्क्लेव का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में मत्स्य पालन उद्योग को फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री के साथ जोड़ा जाएगा। इसके अंतर्गत मछली उत्पादन के बाद इसके प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, पैकेजिंग, मार्केटिंग संबंधी अन्य सभी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एकीकृत मत्स्योद्योग को एमएसएमई इंडस्ट्री से जोड़कर सभी प्रकार के प्रोत्साहन और इन्सेंटिव भी दिया जाएगा। मत्स्य उत्पादकों एवं निवेशकों को सभी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य में लागू एकीकृत मत्स्योद्योग नीति 2026 के अंतर्गत मत्स्य उद्योग के विस्तार के लिए इस क्षेत्र के निवेशकों को भूमि आवंटन, तकनीकी मदद और अन्य कई प्रकार की सुविधाएं दी जाएंगी। कॉन्केल्व में अतिथियों द्वारा मध्यप्रदेश मत्स्य पालन निवेश एवं निर्यात मार्गदर्शिका 2026 के अलावा एक्सपोर्ट पोर्टल की एसओपी का विमोचन किया गया। इस अवसर पर रायसेन जिले के बारना जलाशय में मध्यप्रदेश में पहली बार निजी निवेश और सहभागिता (पीपीपी मोड) से स्थापित 500 केज कल्चर का शुभारंभ भी किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री श्री सिंह ने मप्र के जलाशयों और अमृत सरोवरों के एकीकृत विकास के लिए तैयार की गई योजना की प्रशासकीय स्वीकृति हस्तांतरित की। कॉन्क्लेव में हितग्राहियों को हितलाभ वितरण सहित मध्यप्रदेश में मत्स्य पालन और इसके विकास पर केंद्रित वीडियो फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के सभी विभागों में अभूतपूर्व कार्य हो रहा है। देश के निर्यात होने वाली मत्स्य सम्पदा पर अमेरिका ने टैरिफ लगाया तो यह संकट का समय था, लेकिन प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने नेतृत्व कौशल, क्षमता और योग्यता के बल पर देश को इस संकट से बाहर निकाला। मत्स्य उद्योग निवेश, उत्पादन और निर्यात का बड़ा सेक्टर है, जिसमें आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं मध्यप्रदेश में विद्यमान हैं। फिशरीज सेक्टर में निवेशक, निर्यातक, स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार जल स्रोतों का बेहतर प्रबंधन करते हुए खेती के लिए निरंतर सिंचाई सुविधाओं को बढ़ा रही है। प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़कर 69 लाख हैक्टेयर हो चुका है। राज्य सरकार ने इसे 100 लाख हैक्टेयर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। मध्यप्रदेश में नदी जोड़ो अभियान- केन-बेतवा लिंक और पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) से जल रचनाओं का निर्माण होगा। इससे फिशरीज प्रोडक्शन में नया दौर शुरू होगा। चंबल में घड़ियालों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। हमारा प्रयास है कि सभी नदियों में जलीय जीवों की उपलब्धता हो, इसीलिए नर्मदा नदी में 6 मगरमच्छ छोड़े गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने एक लाख केज कल्चर प्रोजेक्ट तैयार करने का लक्ष्य रखा है। मध्यप्रदेश सरकार ने जल गंगा संवर्धन अभियान के माध्यम से जल स्त्रोतों का पुनर्रोद्धार करते हुए जल संरक्षण के लिए 10 हजार करोड़ रुपए की लागत के कार्य किए। प्राचीन जल रचनाओं में लोकमाता देवी अहिल्यबाई होल्कर की बावड़ी और रानी दुर्गावती के आधारताल जलाशय का जीर्णोद्धार किया। राज्य में नए जलाशयों और अमृतसरोवरों का निर्माण किया जा रहा है। प्रदेश के रिजर्व फॉरेस्ट एरिया में भी बड़ी जल रचनाएं विकसित की जाएंगी। इससे वन्य जीवों को पीने के लिए पानी मिलेगा और भू-जल स्तर में सुधार आएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने म.प्र. की समृद्धि का लिया है संकल्प : केन्द्रीय मंत्री श्री सिंह
केंद्रीय पंचायती राज, पशुपालन और डेयरी मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेकर मध्यप्रदेश को बदलने का संकल्प लिया है। इस आयोजन में मत्स्य पालक, निवेशक और निर्यातक एक मंच पर आए हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने मछुआ कल्याण और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाओं की शुरूआत की। भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मत्स्य उत्पादक देश है। वर्ष 2014 में देश में मत्स्य उत्पादन मात्र 95.7 लाख टन था, उनके 11 वर्षों के प्रयासों के बाद 106 प्रतिशत की वृद्धि के साथ मत्स्य उत्पादन में 198 लाख टन पर हैं। केंद्र सरकार फिशरीज एक्सपोर्ट को भी प्रोत्साहित कर रही है, यह 62 हजार 408 करोड़ रुपए हो चुका है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देशभर में फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किया। भारत सरकार की योजनाओं से मछुआरो को क्रेडिट कार्ड मिले हैं। आज हम दुनिया के 130 देशों में मत्स्य निर्यात कर रहे हैं। देश के इनलैंड स्टेट्स में फिशरीज प्रोडक्शन 147 प्रतिशत बढ़ा है। इससे मध्यप्रदेश आगे बढ़ेगा और आत्मनिर्भर बनेगा। केन्द्रीय मंत्री श्री सिंह ने कहा कि राज्य की एकीकृत मत्स्य उत्पादन नीति-2026 अत्यंत सराहनीय पहल है। यह मुख्यमंत्री डॉ. यादव की प्रतिबद्धता को दशार्ती है कि कैसे मध्यप्रदेश को मत्स्य उद्योग में बढ़ाया जाए और इनलैंड स्टेट्स में मत्स्य निर्यात का नेतृत्व किया जाए।
प्रधानमंत्री श्री मोदी का संदेश किसानों की आय को करना है दोगुना : राज्यमंत्री श्री सिंह
केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने किसानों की आय को दोगुना करने का संदेश दिया है। इसे खेती के साथ मत्स्य पालन, पशुपालन, बकरी पालन, मुर्गी पालन, फूलों की खेती, औषधीय खेती और जैविक खेती के माध्यम से पूरा किया जा सकता है। मत्स्य पालन विभाग किसानों की आय बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। मध्यप्रदेश में नर्मदा, शिप्रा जैसी नदियां, जलाशय और डैम हैं। इंदिरा सागर जलाशय में एक लाख केज स्थापित करने से देश में अनुपम उदाहरण बनेगा। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने मत्स्य संपदा योजना की शुरूआत कर क्रांतिकारी कदम उठाया है। भारत दुग्ध उत्पादन और मत्स्य उत्पादन में अग्रणी राष्ट्र है। देश ने एनीमल हसबेंड्री, फिशरीज और डेयरी सेक्टर में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
Related
Related Post
- July 12, 2026 • 👁 32
- by Sagar Uday
- 0
- 6:09 pm
एथेनॉल चावल मामले की प्रारंभिक जांच में राइस मिलर और कंपनी की भूमिका उजागर
बालाघाट प्रकरण: एफसीआई के चावल की हेराफेरी में राज्य सरकार का कोई संबंध नहीं सागर…
- October 18, 2026 • 👁 23
- by Sagar Uday
- 0
- 6:36 pm
